
गुरु रंधावा के जिम पर हमले का दावा गलत? पुलिस ने बताई पूरी सच्चाई (Photo: IANS)
राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24HS फिटनेस जिम पर गुरुवार सुबह हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया था कि यह जिम सिंगर गुरु रंधावा का है। अभिनेता सलमान खान से नजदीकियों के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है। हालांकि अब दिल्ली पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जिस 24HS फिटनेस जिम पर फायरिंग हुई, उसका गुरु रंधावा से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिम का मालिक टैगोर गार्डन क्षेत्र का एक निवासी है। फिलहाल स्वामित्व और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के इस बयान के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दावे गलत साबित हुए हैं।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें खुद को अनिल पंडित USA और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा बताते हुए घटना की जिम्मेदारी ली गई थी।
पोस्ट में दावा किया गया कि गुरु रंधावा सलमान खान के काफी करीब हो रहे थे और उन्हें पहले भी चेतावनी दी गई थी। साथ ही गैंग की ओर से धमकी भरे अंदाज में कहा गया कि उनके दुश्मन कहीं भी छिप जाएं, उनसे जल्द मुलाकात होगी।
हालांकि पुलिस अभी इस वायरल पोस्ट की भी जांच कर रही है और इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक गुरुवार तड़के पश्चिम विहार पूर्व थाना क्षेत्र में स्थित '24HS फिटनेस' जिम पर फायरिंग की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में पता चला कि दो अज्ञात हमलावर चेहरे ढंककर आए और जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए।
घटना के समय जिम के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है, जिसमें वायरल धमकी भरा पोस्ट, फायरिंग की असली वजह और संभावित गैंग कनेक्शन भी शामिल हैं।
Updated on:
11 Jun 2026 11:48 am
Published on:
11 Jun 2026 11:44 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
