9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Air India: हवा में अचानक 300 फीट नीचे गिरा था एयर इंडिया का विमान, मुख्य पायलट ड्रग स्क्रीनिंग में पॉजिटिव

Air India pilot: एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट का नशीले पदार्थों की स्क्रीनिंग टेस्ट पॉजिटिव आया है। 4 अगस्त को उड़ान के दौरान विमान अचानक 300 फीट नीचे गिर गया था।
2 min read
Google source verification
Air India pilot

फुकेत-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट और घायल। फाइल फोटो- आईएएनएस

नई दिल्ली। एयर इंडिया का जो विमान 4 अगस्त को हवा में अचानक 300 फीट नीचे गिर गया था, उसका मुख्य पायलट नशीले पदार्थों के सेवन की जांच के लिए किए गए स्क्रीनिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को बताया कि घटना के बाद दोनों पायलटों की स्क्रीनिंग की गई थी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि कहीं वे तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करने वाले किसी नशीले पदार्थ या दवा के प्रभाव में तो नहीं थे।

कई यात्री हुए थे घायल

मुख्य पायलट की जांच में पॉजिटिव परिणाम आने के बाद उसका नमूना प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि इसकी अंतिम पुष्टि हो सके। प्रयोगशाला परीक्षण की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 2379 थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही थी। दिल्ली पहुंचने से कुछ समय पहले विमान हवा में अचानक 300 फीट नीचे गिर गया था। इस घटना में 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह एयरबस का ए320 विमान था, जिसका पंजीकरण नंबर वीटी-ईएक्सओ है। उड़ान में तीन शिशुओं समेत 137 यात्री और दो पायलट समेत चालक दल के आठ सदस्य सवार थे।

ब्लैक बॉक्स जब्त

मंत्रालय ने बताया कि इस घटना को गंभीर दुर्घटना की श्रेणी में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) हादसे की जांच कर रहा है। विमान का ब्लैक बॉक्स यानी फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। बाद में विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की थी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है।

यात्रियों ने सुनाई थी आपबीती

वहीं एक यात्री ने बताया था कि विमान में अचानक तेज झटका लगने से उसके कंधे में चोट आई। एक अन्य यात्री ने कहा था कि केबिन का दबाव अचानक बदलने से कानों पर काफी दबाव महसूस हुआ और कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे पर्दे फट जाएंगे। एयर इंडिया ने बताया था कि घटना में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आईं। विमान के दिल्ली में सुरक्षित उतरने के बाद घायलों को जांच और उपचार के लिए एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सेंटर ले जाया गया था।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग