
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान की रनवे से टकराई पूंछ
Air India Bengaluru Tailstrike Incident: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज एक बड़ा विमान हादसा होने से टल गया। दिल्ली से बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान 'टैलस्ट्राइक' का शिकार हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना के बावजूद विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सामान्य तरीके से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विमानन भाषा में 'टैलस्ट्राइक' तब होता है, जब टेकऑफ (उड़ान भरते समय) या लैंडिंग (उतरते समय) के दौरान विमान के पिछले हिस्से का ढांचा (Tail) सीधे रनवे की सतह से टकरा जाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस समय एयर इंडिया का यह विमान लैंडिंग के लिए फाइनल अप्रोच पर था, उससे ठीक पहले एक विशालकाय बोइंग 747 (Boeing 747) विमान ने वहां से उड़ान भरी थी। बोइंग 747 के शक्तिशाली इंजनों के कारण हवा में भारी अशांति और तेज झोंके (Wind Turbulence) पैदा हो गए थे। एयर इंडिया के पायलट को शायद यह अहसास हो गया था कि इस स्थिति में लैंडिंग करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए उन्होंने स्टैंडर्ड प्रोसीजर के तहत विमान को दोबारा हवा में ले जाने यानी 'गो-अराउंड' (Go-Around) का फैसला किया। इसी प्रक्रिया के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह विमान एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI2651 थी, जो एक नैरो-बॉडी 'एयरबस A321' (Airbus A321) मॉडल है। टैलस्ट्राइक की इस घटना के बाद किसी भी संरचनात्मक नुकसान (Structural Damage) की जांच के लिए विमान को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर ही ग्राउंडेड (उड़ान भरने पर रोक) कर दिया गया है। इस तकनीकी निरीक्षण के कारण, बेंगलुरु से दिल्ली के लिए इसकी जो वापसी की उड़ान थी, उसे रद्द करना पड़ा है।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने इस घटना पर दुख जताया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि 'एयर इंडिया यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करती है। हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेंगलुरु में हमारी ग्राउंड टीमें प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता और दिल्ली भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं।'
एयरलाइन ने आगे बताया कि इस पूरी घटना की स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार और नागरिक उड्डयन नियामक प्राधिकरणों (DGCA) के साथ समन्वय स्थापित कर गहन जांच की जाएगी।
Updated on:
21 May 2026 04:53 pm
Published on:
21 May 2026 04:28 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
