21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Heatwave Alert: अगले 7 दिन घर से बाहर निकलना होगा मुश्किल, दिल्ली-NCR के इन जिलों के लिए IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

IMD Heatwave Alert: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी को लेकर IMD ने Heatwave Alert जारी किया है। अगले कई दिनों तक 47 डिग्री तक तापमान और तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है।

2 min read
Google source verification
IMD Heatwave Alert

दिल्ली-NCR में गर्मी का प्रकोप (Photo-AI)

Delhi-NCR Weather Update: मई की तपती दोपहरें अब दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं रह गई हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगी हैं। दोपहर तक सड़कों से लेकर बाजारों तक हर जगह गर्मी का कहर साफ दिखाई देता है। हालत ऐसी बन गई है कि घर के अंदर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के इलाकों के लिए नया हीटवेव अलर्ट जारी कर दिया है। नए अलर्ट में साफ-साफ चेतावनी दी गई है कि अगले 7 दिनों तक मौसम इतना ही खतरनाक बना रहने वाला है और कई इलाकों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

अगले 24 घंटे बहुत नाजुक

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए अगले 24 घंटों का बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान लोगों को बहुत भीषण गर्मी और खतरनाक लू का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली के पालम इलाके में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 21 मई से 27 मई तक दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आने वाले दिनों में आसमान पूरी तरह साफ रहने वाला है, यानी धूप सीधे लोगों पर पड़ेगी और गर्मी और ज्यादा महसूस होगी। इसके साथ ही दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।

IMD ने किन इलाकों में जारी किया अलर्ट?

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी इलाकों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे इलाकों में तेज गर्मी पड़ने वाली है। कई जगहों पर सामान्य लू से भी ज्यादा खतरनाक गर्मी पड़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 21 मई और 25 मई को हालात सबसे ज्यादा खराब रह सकते हैं। इन दिनों तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

कई इलाकों में 46 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

बुधवार को कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया। मुंगेशपुर में सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि रिज इलाके में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं सफदरजंग में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है। सिर्फ दिन ही नहीं, रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही, क्योंकि न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।