
नितिन नवीन के शो में हनुमान वेशभूषा में बीेजेपी के झंडे के साथ डांस पर अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया (Photo-IANS)
Arvind Kejriwal On Hanuman Viral Video: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर बीजेपी पर जोरदार निशाना साधा है। इस बार मामला एक वीडियो को लेकर गरमा गया है। केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें हनुमान जी की वेशभूषा पहने एक शख्स बीजेपी का झंडा हाथ में लेकर डांस करता नजर आ रहा है। यह वीडियो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के एक रोड शो का बताया जा रहा है। इस वीडियो पर नाराजगी जताते हुए केजरीवाल ने बीजेपी पर हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस लिए बीजेपी को पूरे हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा कि जितना नुकसान और अपमान बीजेपी ने किया है, शायद भारत में 5000 साल के इतिहास में बाहर से आने वालों ने भी नहीं किया। आगे उन्होंने यह भी लिखा कि जितना बीजेपी ने हिंदुओं को लूटा है, आज तक किसी ने नहीं लूटा और उसके बाद बीजेपी को हिंदू धर्म पर कलंक बताया।
केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर जो वीडियो शेयर किया है, उसे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के एक रोड शो का बताया जा रहा है। वीडियो में नितिन नबीन प्रचार वाहन पर नजर आते हैं। वहीं, उनके वाहन के आगे हनुमान जी की वेशभूषा पहने एक शख्स बीजेपी का झंडा हाथ में लेकर डांस करता दिखाई देता है। इसी वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी ने आपत्ति जताई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक बीजेपी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस विवाद के बीच अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर एक और पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने गोवा के पणजी स्थित ऐतिहासिक मारुति मंदिर में दर्शन करते हुए अपनी तस्वीर और वायरल वीडियो दोनों साथ में पोस्ट किए। केजरीवाल ने लिखा कि यही दोनों तस्वीरें आम आदमी पार्टी और बीजेपी की सोच का फर्क दिखाती हैं। उन्होंने लिखा कि हम भगवान राम और हनुमानजी के भक्त हैं। हम उन्हें पूजते हैं, उनके सामने सर झुकते हैं, उनका आशीर्वाद लेते हैं। लेकिन बीजेपी के लिए राम और हनुमान सत्ता और पैसा पाने का जरिया हैं। इन्हें भगवान का अपमान करने में कोई संकोच नहीं होता।
आपको बता दें कि राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी पहले से ही बीजेपी पर हमलावर है। अब इस वायरल वीडियो को लेकर भी दोनों पार्टियों के बीच सियासत और तेज हो गई है।
Updated on:
06 Jul 2026 02:00 pm
Published on:
06 Jul 2026 12:45 pm
