
CM Rekha Gupta: रामलीला मैदान में 500 नई इलेक्ट्रिक बसों के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह मैदान कई आंदोलनों और संघर्षों का साक्षी रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहीं कभी एक पार्टी ईमानदारी के नाम पर अनशन पर बैठी थी और दावा किया गया था कि सत्ता में आने पर न गाड़ियां ली जाएंगी, न बंगले। लेकिन समय ने इसी मैदान पर उन वादों को टूटते हुए भी देखा, जब वही लोग सत्ता में आते ही गाड़ियों के काफिलों के साथ नजर आए और भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली ने पिछली सरकार के 11 वर्षों का ऐसा कार्यकाल भी झेला है, जिसे बर्बादी के दौर के रूप में याद किया जाएगा।
दिल्ली में आज 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को सेवा में शामिल किया जा रहा है, जिसके बाद राजधानी में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 4,000 हो जाएगी, जो देश के किसी भी शहर में सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में कुल बसों की संख्या करीब 5,700 तक पहुंच जाएगी। दिल्ली सरकार ने वर्ष 2028 तक ई-बसों की संख्या 14,000 करने का लक्ष्य तय किया है और दावा किया है कि अगले दो सालों में राजधानी के हर इलाके में इलेक्ट्रिक बसों की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
11 साल में कुछ नहीं कर पाई 'आप'- प्रवेश वर्मा
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि चुनाव में भाजपा की जीत को एक साल पूरा होने के भीतर ही सरकार ने बड़े काम करके दिखाए हैं। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार की अधूरी योजनाओं को पूरा किया गया और आज 500 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ उसी का उदाहरण है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को 11 साल का मौका मिला, लेकिन वह कुछ नहीं कर पाई, जबकि भाजपा सरकार ने एक साल में कई बड़े फैसले लिए हैं और आने वाले समय में दिल्ली को विकास की नई दिशा देने वाले कई और काम होंगे।
Published on:
08 Feb 2026 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
