
सुप्रिया श्रीनेत का BJP पर निशाना
BJP vs Congress: कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर आयोजित होने वाली हाई-टी मीटिंग से पहले उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ रहते हुए किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहना पड़ता है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस का आंदोलन और तेज हो सकता है।
ANI से बातचीत में सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि राहुल जी के साथ हों तो किसी भी चीज के लिए तैयार रहना चाहिए। मुझे नहीं पता कि आगे क्या होगा, लेकिन राहुल जी कब मार्च निकालने का फैसला कर लें, इसका कोई भरोसा नहीं है।
सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस के हालिया और लगातार जारी विरोध मार्च का बचाव करते हुए कहा कि ये प्रदर्शन लोकतांत्रिक जनादेश की कथित चोरी के खिलाफ बड़े अभियान का हिस्सा हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आंदोलन का दबाव सरकार को अपना रवैया बदलने के लिए मजबूर करेगा उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि कल हमने जिस तरह का मार्च निकाला और लगातार मार्च कर रहे हैं, जिस तरह इस कथित चोरी के खिलाफ आंदोलन और अभियान चला रहे हैं, उससे सो रही सरकार की नींद खुलनी चाहिए और उसे ऐसी गलत गतिविधियां रोकने के लिए मजबूर होना चाहिए।” BJP की ओर से कांग्रेस पर की जा रही आलोचना को खारिज करते हुए श्रीनेत ने कहा कि बीजेपी जिस तरह का हल्का-फुल्का नैरेटिव पेश करने की कोशिश कर रही है, उससे उसकी हताशा और बेचैनी सामने आती है।
राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं, विपक्षी सांसदों, छात्र संगठनों और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों को चाय पर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए चल रहा जन आंदोलन जारी रहेगा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्होंने विपक्षी नेताओं, सांसदों, छात्र संगठनों और सिविल सोसाइटी से जुड़े साथियों को चाय पर बुलाया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में सभी एक साथ हैं और यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा। चाय बैठक के बाद सभी नेता मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेताओं और समर्थकों ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। इसके बाद विपक्ष के 11 नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े चुनाव आयोग के फैसलों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। कांग्रेस नेताओं के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन जारी रह सकता है।
Updated on:
13 Oct 2026 05:22 pm
Published on:
13 Oct 2026 05:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
