
दिल्ली विधानसभा में बैरिकेड तोड़कर घुसने वाला शख्स गिरफ्तार
Delhi Assembly Safety Breach: सोमवार को दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा उल्लंघन के बाद ‘BOLO’ नोटिस जारी कर दिया गया था। पुलिस अलर्ट मोड पर आ चुकी थी और आरोपी को पकड़ने के लिए गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर दिल्ली के रूप नगर इलाके में पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्ध कार को रोककर उसमें बैठे सरबजीत सिंह को पकड़ लिया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह ठीक से बात नहीं कर पा रहा था और उसकी बातें भी समझ नहीं आ रही थीं। बस वह बार-बार इतना ही कह रहा था कि उसने कुछ गलत नहीं किया है। उसकी बातों से लग रहा था कि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं है। हालांकि, सुरक्षा में सेंध की वजह से पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है।
पूछताछ के दौरान सरबजीत सिंह ने कहा कि वह किसी गलत इरादे से नहीं आया था। उसने बताया कि वह अपने लापता भांजे को ढूंढने के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटक रहा था। उसके अनुसार, 2 अप्रैल को उसका भांजा हरि नगर से गायब हो गया था। उसने यह भी दावा किया कि किसी ने उसे अफीम खिला दी, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है। जांच में बच्चे के लापता होने की बात सही पाई गई।
सरबजीत सिंह का कहना था कि वह बच्चे के मिलने की प्रार्थना करने के लिए चंडीगढ़ और पंजाब के अन्य शहरों तक गया था। वहां उसने मंदिरों और गुरुद्वारों में जाकर प्रार्थना भी की। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि वह सच में अकेले यात्रा कर रहा था। CCTV फुटेज में भी यह साफ दिखा कि विधानसभा परिसर में प्रवेश के समय वह अकेला था। इसी दौरान वह दो अन्य लोगों से भी मिला। इनमें से एक टैक्सी ड्राइवर था, जिसे सरबजीत सिंह ने उच्च अधिकारी से मिलवाने के लिए पैसे दिए थे।
सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली विधानसभा में पीलीभीत नंबर की एक सफेद SUV अचानक VIP गेट से बैरिकेड तोड़कर अंदर घुस गई। गाड़ी चला रहा व्यक्ति नकाब पहने हुए था और तेजी से स्पीकर के ऑफिस के पास पहुंचा। वहां उसने गाड़ी रोककर फूलों का गुलदस्ता और माला रखी और उसके बाद तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सरबजीत का परिवार पीलीभीत से दिल्ली पहुंचा। परिवार ने पुलिस को उसके मानसिक इलाज से जुड़े दस्तावेज दिए और कहा कि वह निर्दोष है। उनका कहना है कि सरबजीत पहले से ही मानसिक तनाव में था और भांजे के गायब होने के बाद उसकी हालत और खराब हो गई थी। परिवार ने यह भी बताया कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वहीं पुलिस ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खंगाले, जहां उसने खुद को बिजनेसमैन बताया है। साथ ही उसकी गाड़ी के साथ कुछ रील्स दिखाई दीं और इसके अलावा किसानों के आंदोलन के समर्थन में भी पोस्ट मिली।
Updated on:
07 Apr 2026 11:21 am
Published on:
07 Apr 2026 10:39 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
ट्रेंडिंग
