
CM Rekha Gupta
CM Rekha Gupta: भारत-पाक में युद्धविराम की घोषणा के बाद भी पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन की खबरें आ रही हैं। इससे पूरे देश में पाकिस्तान के प्रति आक्रोश की लहर है। वहीं दूसरी ओर रविवार को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक कार्यक्रम के दौरान देश की 140 करोड़ जनता से खास अपील करते हुए सामाजिक बुराइयों के खात्मे की अपील की। उन्होंने कहा “एक लड़ाई सीमा पर लड़ी जाती है। जो हमारे जवान लड़ रहे हैं। जबकि दूसरी लड़ाई हमें देश के अंदर लड़नी है। हमें देश के लिए सीमा पर मरने का मौका तो नहीं मिल सकता, लेकिन देश के लिए जीने का मौका तो हमारे पास है। अगर देश के 140 करोड़ लोग अपने आसपास फैली सामाजिक बुराइयों से लड़ाई करें तो हमारे देश के विकास में चार चांद लग जाएंगे।”
दरअसल, सीएम रेखा गुप्ता रविवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में महिला डॉक्टरों के लिए आयोजित एक सम्मेलन और वार्षिक सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। मदर्स डे के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने माताओं और डॉक्टरों को जीवन के दो अहम स्तंभ बताया और समाज में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि हर नागरिक को देश के लिए मरने का मौका भले न मिले, लेकिन देश के लिए जीने का अवसर सभी के पास है। उन्होंने दिल्लीवासियों से समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ लड़ने और राष्ट्रनिर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "हम सभी सीमाओं पर हो रही गतिविधियों के बारे में सुन रहे हैं। लाखों जवान सीमाओं पर आपकी और हमारी रक्षा कर रहे हैं और स्वाभाविक रूप से हम भी इसमें अपना योगदान देना चाहते हैं, लेकिन हमें सीमा पर जाने या दुश्मन पर गोली चलाने का मौका नहीं मिलेगा। हमें देश के लिए मरने का मौका नहीं मिलेगा, लेकिन देश के लिए जीने का मौका हम सभी के पास है। इसी पल से देश के लिए जीना शुरू करें। जैसे देश के जवान सीमा पर लड़ रहे हैं, वैसे ही हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने समाज में फैली बुराइयों और कुरीतियों से लड़ें।''
रेखा गुप्ता ने जोर देते हुए कहा कि भारत की 140 करोड़ आबादी अगर कुछ अपने परिवार के लिए और कुछ देश के लिए समर्पण भाव से काम करे तो भारत निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। उन्होंने सभी नागरिकों को “राष्ट्रीय संपत्ति” बताते हुए कहा कि राष्ट्रनिर्माण केवल सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं में बढ़ती मोटापे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि महिलाएं सभी का ध्यान रखती हैं, लेकिन उन्हें खुद के स्वास्थ्य की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कोविड-19 काल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौर ने हमें सिखाया कि स्वस्थ रहना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "एक लड़ाई सीमा पर लड़ी जाती है, जिसका भार हमारे सैनिकों के कंधों पर होता है। लेकिन दूसरी लड़ाई समाज के भीतर फैली बुरी आदतों, अस्वस्थ परंपराओं और नकारात्मक सोच के खिलाफ है। हमें उससे भी लड़ना होगा।" उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा शहर भर में पार्कों में लगाए जा रहे 'ओपन जिम' की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो और भी ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “स्वस्थ भारत का सपना, स्वस्थ परिवारों से शुरू होता है।”
Updated on:
12 May 2025 10:44 am
Published on:
12 May 2025 10:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
