14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘आप’ के दो दिग्गजों पर 100 करोड़ का मुकदमा! BJP नेता ने कहा-केजरीवाल की…

Delhi Elections 2025: भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान के खिलाफ मुकदमा करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मानहानि के लिए दोनों नेताओं से 100 करोड़ रुपये वसूले जाएंगे। 

3 min read
Google source verification
Delhi Elections 2025: 'आप' के दो दिग्गजों पर दर्ज होगा 100 करोड़ का मुकदमा!, BJP नेता ने कहा-केजरीवाल की जमानत जब्त होगी

Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच पंजाबी समाज को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गई है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के उस बयान को पंजाबियों का अपमान बताया। जिसमें उन्होंने गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच दिल्ली में पंजाब की हजारों गाड़ियां आने पर सवाल उठाया था। अब भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान पर मानहानि का मुकदमा कराने का दावा किया है। अपने सोशल मीडिया 'X' अकाउंट पर प्रवेश वर्मा ने लिखा "एक तो चोरी, ऊपर से सीनाजोरी...भगवंत मान की पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को धमका कर ज़बरदस्ती नई दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए भेज रही है। मैंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के ऊपर मानहानि का 50-50 करोड़ का मुक़दमा किया है। और चुनाव आयोग से भी शिकायत करी है।"

भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने एक दूसरी पोस्ट में बताया "हजारों की संख्या में पंजाब सरकार के मंत्री, विधायक, सरकारी अफसर, पुलिस, कर्मचारी नई दिल्ली में गाड़ियां लेकर घूम रहे हैं और यहां अवैध रूप से पैसे, शराब, CCTV कैमरे जैसे सामान बांट रहे है। दिल्ली पुलिस ने कुछ लोगों को रंगे हाथों पकड़ा भी है जो पंजाब सरकार के कर्मचारी पाए गए हैं।" इसके अलावा उन्होंने ये भी लिखा "अरविंद केजरीवाल अपने चुनाव प्रचार के लिए पंजाब और दिल्ली के सरकारी वाहनों और अधिकारियों का दुरुपयोग कर रहे हैं! एमसीसी का स्पष्ट उल्लंघन और सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग। सबूतों के साथ शिकायत दर्ज - सख्त कार्रवाई और एफआईआर की मांग। लोकतंत्र से समझौता नहीं किया जा सकता!"

अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने क्या कहा था?

मंगलवार देर शाम को भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने दावा किया था कि इंडिया गेट के पास चाइनीज कंपनी के कैमरे पंजाब से आए सरकारी कर्मचारी लगा रहे थे। उन्होंने मीडिया के सामने इसे देश की सुरक्षा से जोड़ते हुए जांच की मांग उठाई। प्रवेश वर्मा का यह बयान सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसे पंजाबियों का अपमान बताया। इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी इसे पंजाब का अपमान बताते हुए कहा कि बीजेपी का ये बयान बेहद खतरनाक, चिंताजनक और पंजाबियों के लिए अपमानजनक है। आज हर पंजाबी बेहद पीड़ा और अपमान महसूस कर रहा है। अपनी गंदी राजनीति के लिए इस तरह पंजाबियों की देशभक्ति पे सवाल उठाना ठीक नहीं है। 

अब जानिए भाजपा नेता प्रवेश वर्मा का पूरा बयान क्या था?

प्रवेश वर्मा ने कहा था "आज हमें पता चला कि चाइनीज कंपनी के सीसीटीवी कैमरे पंजाब के सरकारी कर्मचारियों से लगवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें पकड़ा। यह लोकेशन इंडिया गेट के बहुत पास है, जहां से परेड निकलती है। ऐसी जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाना चाइनीज कंपनी का, बिना किसी परमिशन के लिए, यह देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। जब उनको पकड़ा गया तो उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने उन्हें कहा कैमरा लगाने के लिए। उन्होंने बताया कि ये निजी फंड से लाए गए कैमरे हैं। मैंने चुनाव आयोग और पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है। और भी जितनी गाड़ियां घूम रही हैं, उनकी चेकिंग होनी चाहिए। यह मैंने मांग की है।"

यह भी पढ़ें : पूर्वांचल के बाद अब पंजाबियों पर छिड़ी जंग, भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

पंजाबियों के सम्मान और अपमान को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी में चल रही ‘रार’ के बीच बुधवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और सीएम आतिशी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान केजरीवाल और आतिशी ने बीजेपी के साथ-साथ दिल्ली पुलिस पर भी कई आरोप लगाए। अरविंद केजरीवाल ने कहा “पूरी दिल्ली पुलिस भाजपा के साथ है। लोगों की सुरक्षा के लिए कोई नहीं है। एक थानेदार ने मुझे बताया कि उन्हें हमारी रैलियों को बाधित करने के लिए गृह मंत्रालय से सीधे निर्देश मिलते हैं।" .

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा "दिल्ली के लोगों को एक साथ खड़ा होना होगा और भाजपा को कड़ा जवाब देना होगा। मुझे डर है कि इस बार मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा सकता है। भाजपा को दिल्ली में "ऐतिहासिक हार" का सामना करना पड़ रहा है और यही कारण है कि उसके कार्यकर्ता पुलिस के समर्थन से गुंडागर्दी कर रहे हैं। पुलिस भाजपा के अभियान को सुविधाजनक बना रही है और उनके कार्यकर्ताओं का समर्थन कर रही है जो आप के चुनावी प्रयासों को बाधित कर रहे हैं।"