15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Delhi New CM: दिल्ली सीएम की दौड़ में चार महिलाएं भी शामिल, 48 विधायकों में से ही चुना जाएगा डिप्टी सीएम

Delhi New CM: दिल्ली चुनाव 2025 में मिली प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने दिल्ली का निजाम चुनने पर मंथन तेज कर दिया है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली चुनाव में जीते 48 विधायकों में से एक महिला को दिल्ली का सीएम बनाया जा सकता है। इसके साथ ही एक डिप्टी सीएम भी बनाया जाएगा।

3 min read
Google source verification
Delhi New CM: दिल्ली सीएम की दौड़ में चार महिलाएं भी शामिल, 48 विधायकों में से ही चुना जाएगा डिप्टी सीएम

Delhi New CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा ने 27 साल का सूखा खत्म करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को करारी शिकस्त देते हुए दिल्ली की 48 सीटें जीती हैं। जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर ही सिमट गई है। अब भाजपा ने दिल्ली के सीएम चेहरे पर मंथन तेज कर दिया है। भाजपा सूत्रों की मानें तो विजेता 48 विधायकों में से ही एक महिला विधायक को दिल्ली का सीएम बनाया जा सकता है। पार्टी के शीर्ष नेता इसपर विचार-विमर्श करने में जुटे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा के टिकट पर चार महिलाएं विधायक चुनी गई हैं। इनमें शालीमार विधानसभा सीट से रेखा गुप्ता, ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से शिखा राय, वजीरपुर विधानसभा सीट से पूनम शर्मा और नजफगढ़ विधानसभा सीट से नीलम पहलवान के नाम शामिल हैं।

सीएम चेहरे के लिए इन नामों की चर्चाएं भी तेज

महिलाओं के अलावा दिल्ली के सीएम चेहरे के लिए जिन नामों पर चर्चाएं तेज हैं। उनमें नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पटखनी देने वाले प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, रोहिणी विधानसभा सीट पर 'आप' प्रत्याशी प्रदीप मित्‍तल को हराने वाले विजेंद्र गुप्ता और मालवीय नगर विधानसभा सीट से विधायक बने सतीश उपाध्याय शामिल हैं। इस बीच पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि दिल्ली की नवनिर्वाचित चार महिला विधायकों में से किसी एक को सीएम का पद दिया जा सकता है। इसकी पुष्टि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से वापस लौटने के बाद ही होगी, लेकिन दिल्ली में सीएम पद के चेहरे के लिए सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं।

क्या दिल्ली में एक डिप्टी सीएम भी बनेगा?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली चुनाव 2025 में विजेता भाजपा के 48 विधायकों में से किसी एक को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली में एक डिप्टी सीएम भी बनाया जा सकता है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मानें तो दिल्ली में सीएम और डिप्टी सीएम के साथ मंत्रिमंडल गठन तक भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मंथन कर रहा है। ‌इसमें सीएम से लेकर मंत्री पद तक दलितों के साथ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर फोकस किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : पंजाब में भगवंत मान की उलटी गिनती शुरू…दिल्ली में सीएम चेहरे को लेकर भाजपा सांसद का बड़ा दावा

कौन हैं भाजपा की चार महिला विधायक?

शिखा राय-दिल्ली चुनाव 2025 में शिखा राय ने ग्रेटर कैलाश से जीत दर्ज की है। शिखा पेशे से वकील हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से एलएलबी किया है। ग्रेटर कैलाश से शिखा राय पिछला चुनाव हार गई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने जीतकर पिछली हार का बदला ले लिया है। वह दो बार एमसीडी पार्षद भी रही हैं।

रेखा गुप्ता-शालीमार विधानसभा सीट से रेखा गुप्ता साल 1996 में दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और दिल्ली राज्य इकाई की महासचिव हैं। साल 2007 और साल 2012 में वह उत्तरी पीतमपुरा से एमसीडी पार्षद भी रह चुकी हैं।

पूनम शर्मा- भाजपा सीएम चेहरे के चुनाव के लिए हमेशा चौंकाती रही है। ऐसे में अगर दिल्ली में महिला सीएम के लिए पूनम शर्मा का नाम भी रेस में माना जा सकता है। पूनम शर्मा ने वजीरपुर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजेश गुप्‍ता को 1145 वोटों से हराया है। पूनम शर्मा को 54721 वोट मिले। जबकि आम आदमी पार्टी के राजेश गुप्‍ता को 43293 मत मिले।

नीलम पहलवान- दिल्ली में सीएम पद के लिए महिला विधायकों में नीलम पहलवान का नाम भी शामिल है। भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाली नीलम चौथी महिला विधायक हैं। उन्होंने नजफगढ़ असेंबली सीट पर जीत दर्ज की है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के तरुण कुमार से था, जहां नीलम पहलवान ने AAP उम्मीदवार को 29 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से शिकस्त दी। नीलम पहलवान को 101708 वोट मिले। वहीं आम आमदी पार्टी के तरुण कुमार को 72699 मत ही मिले हैं।