
Delhi New CM: दिल्ली चुनाव 2025 में भाजपा ने 27 साल बाद प्रचंड जीत दर्ज की है। इससे पार्टी संगठन से लेकर कार्यकर्ताओं तक खुशी की लहर है। आठ फरवरी को चुनाव नतीजे सामने आने के साथ ही भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली में सीएम चेहरे को लेकर मंथन भी शुरू कर दिया है। भाजपा सूत्रों की मानें तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने दिल्ली के सीएम चेहरे के लिए 48 नामों की सूची है। इसमें नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को चुनाव हराने वाले प्रवेश वर्मा भी शामिल हैं। इसके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, छह बार के भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट और भाजपा सांसद मनोज तिवारी समेत कई और बड़े नाम हैं।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला होगा। वह भाजपा विधायक दल की सर्वसम्मति और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के अनुसार लिया जाएगा। बहरहाल नई सरकार की रूपरेखा को लेकर भाजपा नेतृत्व बैठक पर बैठक करने में जुटा है। दरअसल, दिल्ली चुनाव 2025 में भाजपा ने किसी सीएम चेहरे का ऐलान नहीं किया था। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्षी नेता भाजपा को घेरते रहे। इसके बावजूद दिल्ली में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को चुनाव में करारी शिकस्त दी है।
दिल्ली में सीएम चेहरे के चुनाव पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया कहते हैं "दिल्ली में सीएम के नाम के कयास तब तक लगाए जाते रहेंगे। जब तक भाजपा संगठन मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं कर देता। केंद्रीय नेतृत्व जो तय करेगा वही निर्णय सभी के लिए फाइनल होगा। दिल्ली सीएम का नाम 13-14 फरवरी तक सामने आ जाएगा। हमारे सभी लोग बहुत काबिल हैं। 48 लोगों में से जिसे भी पार्टी संगठन मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देगा। हम उसी को मानकर आगे बढ़ेंगे।"
भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 फरवरी से विदेश यात्रा पर हैं। वह 14 फरवरी को स्वदेश लौटेंगे। इसके बाद ही दिल्ली के नए सीएम के नाम की घोषणा होने की संभावना है। हालांकि दिल्ली में नए सीएम के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के साथ शीर्ष नेताओं की बैठकें चल रही हैं। इसमें सीएम चेहरे के लिए विचार-विमर्श किया जा रहा है। तीन से चार दिनों में सीएम पद के लिए एक नाम का चुनाव हो जाएगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 27 साल बाद फतह हासिल करने के बाद भाजपा नेता उत्साहित हैं। दिल्ली चुनाव परिणाम को लेकर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा "अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और आडंबर की राजनीति के लिए दिल्ली की जनता ने सजा दी है। अब पंजाब को भी ‘आपदा’ से मुक्ति चाहिए। पंजाब 'आप' का कुनबा है। पूरा पंजाब परजीवियों से हताश और निराश है। दिल्ली के नेता पंजाब में माफियाओं को पनाह दे रहे हैं। भाजपा पंजाब में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है। दिल्ली में हार के बाद पंजाब में अब भगवंत सिंह मान की सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।"
Updated on:
10 Feb 2025 03:11 pm
Published on:
10 Feb 2025 03:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
