24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिल्ली-NCR में तेज बारिश से कई सड़कें डूबीं, ट्रैफिक की रफ्तार थमी; एयरलाइंस ने यात्रियों को किया अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। खराब मौसम को देखते हुए एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
2 min read
Google source verification
Delhi NCR Rain

दिल्ली-NCR में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति। (फाइल फोटो-IANS)

Delhi NCR Rain: दिल्ली-NCR में सोमवार को तेज बारिश और आंधी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली, लेकिन कुछ ही देर में कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है। तेज बारिश और गरज-चमक के कारण उड़ानों के संचालन में दिक्कत आई। ऐसे में एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अपनी फ्लाइट का स्टेटस पहले ही चेक करने की सलाह दी जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

कई इलाकों में बारिश, सड़कों पर भरा पानी

सोमवार को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और नई दिल्ली समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कई हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिला।

तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई। कुछ जगहों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं तो कई रास्तों पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की तस्वीरें और वीडियो सामने आए।

गर्मी से मिली राहत

बारिश ने दिल्लीवासियों को उमस और गर्मी से कुछ राहत जरूर दी। सोमवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा था। वहीं रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो दिल्ली में सबसे कम दर्ज किया गया।

जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है। एयर इंडिया ने दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर देख लें।

इंडिगो ने भी यात्रियों को अलर्ट किया है। एयरलाइन के मुताबिक, खराब मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। यात्रियों से कहा गया है कि वे वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट की ताजा जानकारी चेक करें और सड़क पर ट्रैफिक धीमा रहने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

कुल मिलाकर दिल्ली-NCR में बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम ने रोजाना सफर करने वालों की मुश्किल बढ़ा दी।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग