3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पापा मैं थक चुका हूं! जज अमन शर्मा की मौत मामले में आया नया मोड़, पिता का सनसनीखेज खुलासा

Judge Aman Sharma Suicide Case: जज अमन कुमार शर्मा ने कथित खुदकुशी से पहले अपने पिता को फोन किया था। तब उन्होंने रोते हुए कहा था, पापा मैं बहुत तनाव में हूं, मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है।

2 min read
Google source verification
Judge Aman Sharma Suicide news

जज अमन शर्मा ने की खुदकुशी (Photo: X/@UroojK31351)

दिल्ली में 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर शनिवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि दिल्ली न्यायिक सेवा (डीजेएस) के अधिकारी शर्मा का शव दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित उनके आवास के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। इस बीच, अमन के पिता ने सनसनीखेज दावा कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। मृतक अमन शर्मा की पत्नी भी जज बताईं जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय अमन शर्मा उत्तर-पूर्वी जिले की जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। वह ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर रहते थे। उनके बहनोई शिवम ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी थी।

पिता को किया था आखिरी फोन

यह कदम उठाने से पहले शुक्रवार रात करीब 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन किया था। तब उन्होंने रोते हुए पिता से कहा था, “पापा, मैं बहुत टेंशन में हूं, अब मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है।” बेटे की यह बात सुनकर घबराए पिता उसी रात अलवर से दिल्ली के लिए निकल पड़े, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अमन ने यह खौफनाक कदम उठा लिया था।

क्या पारिवारिक विवाद था वजह?

अमन के पिता ने पुलिस के सामने कुछ चौंकाने वाले दावे किए हैं। उनके मुताबिक, पिछले दो महीनों से अमन और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि घर में हर चीज पत्नी की मर्जी से चलती थी और अमन पर काफी दबाव था। खास बात यह है कि अमन की पत्नी खुद एक न्यायिक अधिकारी हैं और उनकी साली जम्मू में आईएएस अधिकारी हैं। आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान पत्नी ने अमन के परिवार को भी पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

जज अमन शर्मा कौने थे?

अमन शर्मा ने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल (SLS) से बीए-एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी और 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। पिछले अक्टूबर में उन्होंने कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित उत्तर-पूर्वी जिले की डीएलएसए में पूर्णकालिक सचिव का पदभार संभाला था। वह पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के तौर पर भी सेवाएं दे चुके थे।

पुलिस बोली- जांच जारी है

फिलहाल इस मामले में सफदरजंग एन्क्लेव थाने में केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। मृतक के पिता, पत्नी, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और सहकर्मियों के बयान भी पुलिस दर्ज कर रही है। अमन शर्मा के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। उनके कार्यालय और घर में इस्तेमाल किए जाने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर उनका विश्लेषण किया जा रहा है। ताकि यह समझा जा सके कि अमन ने यह कदम किस मजबूरी के कारण उठाया।

इसके अलावा घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले कोई उनके आवास पर आया था या कोई व्यक्ति उनके साथ था।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग