
दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर हादसे में युवक के कटे दोनों पैर (फोटो-AI)
Delhi Railway Track Incident: दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन से एक बहुत दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 24 साल का युवक ट्रेन की चपेट में आने से अपने दोनों पैर गंवा बैठा। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर अब मामला मारपीट और साजिश की तरफ बढ़ता दिख रहा है। पुलिस के अनुसार युवक के साथ उसके दोस्तों ने ट्रेन हादसे से पहले बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार सदमे में है।
पुलिस के अनुसार युवक दिल्ली के मुंकदपुर इलाके का रहने वाला है। जांच के दौरान युवक ने दो अलग-अलग बयान दिए। शुरुआती बयान में उसने कहा था कि वह दोस्तों के साथ शराब पी रहा था और नशे के कारण बेहोश हो गया था। बाद में पांच मई को दर्ज नए बयान में युवक ने बताया कि समयपुर बादली के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में शराब पार्टी कर रहे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके बाद हमला किया गया।
पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने बताया कि फुटेज में युवक के साथ मारपीट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले युवक को मुक्के और लात से पीटा गया, फिर बाइक से नीचे गिराकर दोबारा हमला किया गया। बाद में वह ट्रैक के पास अर्धनग्न हालत में मिला। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच टीम CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही जिन दोस्तों पर आरोप लगे हैं, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
पीड़ित के परिवार ने बताया कि युवक डांस में बहुत अच्छा था और भविष्य में प्रोफेशनल डांसर बनना चाहता था। लेकिन इस हादसे ने उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। परिजनों ने यह भी बताया कि युवक 25 अप्रैल की रात यह कहकर घर से निकला था कि वह पार्टी में जा रहा है। देर रात जब उसके भाई ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। परिवार पूरी रात परेशान रहा और सुबह पुलिस से कॉल आया कि युवक रेलवे ट्रैक के पास घायल हालत में मिला है। अस्पताल पहुंचने पर परिवार को पता चला कि ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर कट चुके हैं।
Updated on:
09 May 2026 08:11 am
Published on:
09 May 2026 08:11 am
