
10, 11 और 12 मई के लिए 'यलो अलर्ट' जारी
IMD Delhi Yellow Alert: राष्ट्रीय राजधानी में चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने 10, 11 और 12 मई के लिए 'यलो अलर्ट' जारी करते हुए तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी दी है।
अगले दो दिनों तक दिल्ली के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी। हवाओं के साथ-साथ दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते शुक्रवार को दिल्ली का मौसम काफी हद तक साफ रहा और दिन भर तेज धूप निकली रही। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है:
मौसम में आ रहे इस अचानक बदलाव का असर वायु गुणवत्ता और तापमान दोनों पर पड़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों को तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूप भी निकली रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों के लिए कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक केरल, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल के अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, पथानामथिट्टा और त्रिशूर, पश्चिम बंगाल के हावड़ा, पश्चिम और पूर्व मेदिनीपुर व दक्षिण 24 परगना, झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह समेत कई जिलों, बिहार के बांका, भागलपुर, जमुई, कटिहार, पूर्णिया सहित कई इलाकों और हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व शिमला में खराब मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Updated on:
09 May 2026 07:40 am
Published on:
09 May 2026 07:40 am
