
AI से बनाया गया प्रतीकात्मक फोटो
Draft Regional Plan 2041 NCR: देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों (NCR) की सूरत आने वाले डेढ़ दशक में पूरी तरह बदलने वाली है। नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) आगामी 16 जून को 'क्षेत्रीय योजना-2041' के मसौदे को मंजूरी देने जा रहा है। यह ड्राफ्ट किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की कहानी जैसा लग सकता है, लेकिन यह भविष्य की दिल्ली-एनसीआर की हकीकत बनने जा रहा है, जो अगले कुछ वर्षों में टोक्यो को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा शहरी क्षेत्र बनने की राह पर है।
इस नए ड्राफ्ट का सबसे बड़ा वादा '30 मिनट कनेक्टिविटी' है। इसके लागू होने के बाद दिल्ली से एनसीआर के किसी भी प्रमुख शहर (जैसे नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद) तक का सफर महज आधे घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
दिल्ली-एनसीआर में 30 मिनट के सफर के लक्ष्य को पूरा करने में नमो भारत (RRTS) नेटवर्क की अहम भूमिका होगी। इसके तहत राजधानी को आसपास के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए कुल आठ नए हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित प्रमुख मार्गों में दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर, दिल्ली-फरीदाबाद-पलवल, दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक और दिल्ली-गाजियाबाद-हापुर कॉरिडोर शामिल हैं। इन कॉरिडोरों के शुरू होने से एनसीआर के विभिन्न हिस्सों के बीच तेज, सुविधाजनक और निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।
आरआरटीएस नेटवर्क के तहत बनने वाली 136 किलोमीटर लंबी दिल्ली-पानीपत-करनाल लाइन एक गेम-चेंजर साबित होगी. इस रूट के तैयार होने के बाद वर्तमान में लगने वाला 4 घंटे का सफर सिमटकर महज 90 मिनट (डेढ़ घंटा) रह जाएगा।
भविष्य के एनसीआर में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए रेल और रोड के अलावा आसमान का भी इस्तेमाल होगा. इस प्लान में शहरों के बीच हेली-टैक्सी (Heli-Taxi) नेटवर्क विकसित करने का खाका तैयार किया गया है, जिससे लोग मिनटों में एक शहर से दूसरे शहर उड़ सकेंगे।
मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को ट्रैफिक जाम में न फंसना पड़े, इसके लिए पूरे एनसीआर को एयर एम्बुलेंस की आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यह दूर-दराज के इलाकों से मरीजों को दिल्ली के बड़े अस्पतालों तक तुरंत पहुंचाने में मदद करेगी।
परिवहन के पारंपरिक साधनों पर निर्भरता कम करने के लिए ड्राफ्ट में रोड और रेल के साथ-साथ इनलैंड वॉटरवेज (जलमार्ग) विकसित करने की बात भी कही गई है, जो माल ढुलाई और आवागमन को एक नया आयाम देगा।
दिल्ली पर आबादी और संसाधनों के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के एनसीआर वाले हिस्सों में 8 नए ग्रीनफील्ड टाउनशिप बसाने का प्रस्ताव है। ये टाउनशिप पूरी तरह से आत्मनिर्भर आर्थिक और आवासीय हब के रूप में विकसित किए जाएंगे, ताकि लोग दिल्ली आने के बजाए वहीं बस सकें।
क्षेत्रीय योजना-2041 के तहत पूरे एनसीआर क्षेत्र को स्लम-फ्री (झुग्गी-झोपड़ी मुक्त) बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए आधुनिक और सुनियोजित आवासीय योजनाएं तैयार की जाएंगी।
ये नए टाउनशिप साधारण उपनगर नहीं होंगे। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत बने एडवांस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स की तर्ज पर इन सभी नए सेटलमेंट्स में आधुनिक और डिजिटल नागरिक बुनियादी ढांचा फिट किया जाएगा।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले सालों में दिल्ली-एनसीआर की आबादी में करोड़ों लोगों का इजाफा होगा। इसी रफ्तार से बढ़ती जनसंख्या के चलते 2030 तक दिल्ली-एनसीआर के जापान की राजधानी टोक्यो को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे बड़ा शहरी क्षेत्र बनने की संभावना जताई जा रही है। बढ़ते दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 2041 का यह विकास ब्लूप्रिंट क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
Updated on:
11 Jun 2026 12:11 pm
Published on:
11 Jun 2026 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
