
hockey world cup 2023 ओडिशा में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का ग्रुप स्टेज खत्म हो गया है। 16 टीमों में से चार टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। चार टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। अन्य 4 टीम क्रॉस ओवर के माध्यम से तय की जाएंगी। क्रॉस ओवर का पहला मुक़ाबला मलयेशिया और स्पेन के बीच खेला जाएगा। यह मुक़ाबला शाम 4:30 बजे से शुरू होगा। वहीं दूसरा मुक़ाबला मेजबान भारत और न्यूजीलैंड के बीच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला जाएगा।
दोनों टीमों के लिए यह मुक़ाबला 'करो या मरो' मैच है। इस वर्ल्ड कप में भारत अबतक एक भी मुक़ाबला नहीं हारा है। टीम इंडिया ने पहला मुक़ाबले में स्पेन को 2-0 से हराया था। वहीं दूसरे मुक़ाबले में इंग्लैंड से ड्रा खेला था। तीसरा मुक़ाबला भारत का वेल्स से हुआ था। इस मुक़ाबले में भारत ने 4-2 से जीत दर्ज़ की थी। पूल डी में दूसरे नंबर पर रहने के चलते भारत डायरेक्ट क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना पाई। वहीं न्यूजीलैंड को कम नहीं आंका जा सकता। न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा है और इस बार वह ऐसा करना चाहेगा। न्यूजीलैंड के डिफेंडर ब्लेयर टैरेंट, मिडफील्डर निक रॉस और फॉरवर्ड साइमन चाइल्ड मैच का नतीजा कभी भी बदल सकते हैं।
वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों देशों के बीच कुल छह मैच हुए हैं। इनमें से तीन में भारत को जीत मिली है, जबकि दो न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं। एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। दोनों टीमों के बीच कुल 44 मैच हो चुके हैं। इनमें से 24 मैच भारत जीता है और 15 मैच न्यूजीलैंड जीता है। पांच मैच ड्रॉ रहे हैं।
भारत को इस क्रॉसओवर मुक़ाबले में मिडफील्डर हार्दिक सिंह की कमी जरुर खलेगी, जिन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मैच के अंत में हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टूनार्मेंट से बाहर होना पड़ा था। हार्दिक मिडफील्ड के आधार थे और टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे, भारत ने शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को बाहर कर दिया। हार्दिक मिडफील्ड में थे, फॉरवर्ड और डिफेंडरों के बीच सही कड़ी के रूप में काम कर रहे थे। वेल्स के खिलाफ मैच में उनकी अनुपस्थिति को महसूस किया गया था। लेकिन भारतीय कोच राजकुमार की प्रतिस्थापन क्षमता के बारे में आश्वस्त हैं।
Published on:
22 Jan 2023 10:24 am
