
Delhi Murder News: देश की राजधानी में एक ऐसी दर्दनाक घटना हुई है, जो 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' सीरीज की याद दिलाती है। हमलावरों का हमला करने का तरीका फिल्म के कई किरदारों से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। दरअसल, बदमाशों ने पहले कारोबारी को घेरा और फिर बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि मृतक को पहले से गैंगस्टर कपिल सांगवान की ओर से धमकियां मिल रही थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
आपको बता दें कि पूरा मामला दक्षिण-पश्चिम दिल्ली का है, यहां पर द्वारका इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूटर पर सवार अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय बलवान गहलोत को उस समय निशाना बनाया, जब वह अपनी कार से कहीं जा रहे थे। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड के पीछे कुख्यात नंदू गैंग का हाथ हो सकता है। जानकारी के अनुसार बलवान गहलोत अपने परिवार के साथ द्वारका के छावला इलाके में रहते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। शुक्रवार को जैसे ही वह अपनी कार से उतरे, स्कूटर पर आए बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने इस वारदात में अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छावला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बलवान गहलोत को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया। मौके से सबूत जुटाने के लिए क्राइम टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुख्यात नंदू गैंग की ओर से मृतक से भारी भरकम फिरौती मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि बलवान गहलोत को पिछले कुछ समय से लगातार धमकियां मिल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि मांग पूरी न होने पर गैंग ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और मैसेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल के दिनों में उसे फिरौती से जुड़ी कोई कॉल या संदेश मिला था या नहीं। साथ ही परिजनों और करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
07 Mar 2026 02:11 pm
Published on:
07 Mar 2026 02:10 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
