
सोनम वांगचुक को धूप से बचाने के लिए पुलिस के आगे गिड़गिड़ाए अभिजीत दीपके, फोटो सोर्स- @abhijeet_dipke एक्स हैंडल
Sonam Wangchuk hunger strike: जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है। कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शिक्षाविद और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का आज 16वां दिन है। एक तरफ जहां वांगचुक का वजन लगातार गिर रहा है और उनकी सेहत बिगड़ती जा रही है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ से बचाने के लिए काजपा के फाउंडर अभिजीत दीपके प्रशासन के आगे जद्दोजहद कर रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह एक बार फिर दिल्ली पुलिस के अधिकारी के सामने बेबस होकर हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं।
मामला अनशन स्थल पर बैठे सोनम वांगचुक को कड़कती धूप से बचाने का था। वांगचुक की गिरती सेहत को देखते हुए मंच को धूप से बचाने के लिए ऊपर एक तिरपाल (प्लास्टिक शीट) लगाई गई थी। इस पर वहां तैनात एक पुलिस अधिकारी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि स्टेज पर धूप कहां आ रही है, इसे हटाओ।
इस बात पर अभिजीत दीपके का सब्र टूट गया। उन्होंने पुलिस अधिकारी के सामने हाथ जोड़ते हुए कहा कि 'हाथ जोड़ रहा हूं सर। उस इंसान (वांगचुक) को धूप लग रही है, वह मुश्किल में हैं। क्यों इतनी दिक्कतें खड़ी कर रहे हो? आपको दिख नहीं रहा कि धूप आ रही है। क्यों जीना हराम कर रखा है।'
वीडियो में दिख रहा है कि जब पुलिस अधिकारी ने दीपके से तिरपाल हटाकर यह दिखाने को कहा कि धूप कहां आ रही है, तो दीपके और ज्यादा भड़क गए। उन्होंने बेहद आक्रोश और रुआंसे स्वर में कहा कि 'हटाकर दिखाओ मतलब… आपको दिख नहीं रहा? उनको धूप लग रही है सर, हाथ जोड़ रहा हूं। वो मर जाएंगे तब आपको तसल्ली मिलेगी? उनको धूप लग रही है तभी तो लगाया न, इससे पहले इतने दिन लगाया था क्या हमने? जब धूप नहीं थी तो हमने नहीं लगाया था।'
यह पहली बार नहीं है जब अनशनकारियों की बुनियादी सुविधाओं के लिए अभिजीत दीपके को पुलिस के सामने गिड़गिड़ाना पड़ा हो। इससे पहले भी उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़ने के साथ-साथ उनके पैर पकड़ते हुए नजर आए थे।
उस समय दिल्ली में भारी बारिश हो रही थी और भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को भीगने से बचाने के लिए दीपके टेंट लगाने की अनुमति मांग रहे थे। उन्होंने कहा था कि रात भर बारिश होने के कारण भूख हड़ताल पर बैठे लोग सो नहीं सके और उनका सारा सामान भीग गया। 16 दिनों से भूखे बैठे सोनम वांगचुक की बिगड़ती हालत और प्रशासन के इस कड़े रुख के बीच जंतर-मंतर पर तनाव और भावुकता का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
13 Jul 2026 02:05 pm
Published on:
13 Jul 2026 02:04 pm
