
दिल्ली में चोरी किया यूपी से पकड़ लाई पुलिस
Darya Ganj Burglary Case Arrest:दिल्ली के दरियागंज इलाके में हुई एक बड़ी चोरी के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले 33 साल के अविनाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए पैसों में से 3,36,650 की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, चोरी की यह घटना 3 जून को सामने आई थी, जब दिल्ली के तिलक नगर के रहने वाले पीड़ित दुकानदार ने दरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि दरियागंज के 'कूचा चलान' स्थित उसकी दुकान का अज्ञात बदमाशों ने रात के समय ताला तोड़ दिया और कैश बॉक्स में रखा बैग उड़ा ले गए, जिसमें करीब 3.4 लाख कैश थे। पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
आपको बता दें कि इस ब्लाइंड केस को सुलझाने और आरोपी तक पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक सुनियोजित रणनीति पर काम किया:-
सीसीटीवी और स्कूटी की पहचान: जांच की शुरुआत में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को एक संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी, जिसका इस्तेमाल वारदात के वक्त किया गया था।
तकनीकी सर्विलांस और इंटेलिजेंस: पुलिस ने जब उस स्कूटी का रूट और तकनीकी डेटा (Technical Surveillance) खंगाला, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। खुफिया जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आखिरकार मुख्य संदिग्ध अविनाश कुमार तक पहुंच गई।
पूर्व कर्मचारी का कनेक्शन: जांच में एक बड़ा मोड़ तब आया जब पता चला कि आरोपी अविनाश कोई अजनबी नहीं, बल्कि पीड़ित दुकानदार का पूर्व कर्मचारी है। उसने करीब ६ महीने पहले ही उस दुकान में काम किया था, इसलिए उसे दुकान के चप्पे-चप्पे और कैश रखने की जगह की पूरी जानकारी थी।
यूपी में छापा (मल्टी-स्टेट ऑपरेशन): वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिल्ली से फरार होकर उत्तर प्रदेश में अपने पैतृक गांव भाग गया था, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। दिल्ली पुलिस ने पुख्ता लोकेशन मिलने के बाद एक टीम यूपी भेजी और 5 जून को मल्टी-स्टेट ऑपरेशन चलाकर आरोपी को प्रतापगढ़ से धर दबोचा।
पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान आरोपी अविनाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ने प्रतापगढ़ के शुकुलपुर इलाके में एक ऑटो रिपेयर की दुकान के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का बैग और 3,36,650 रुपए नकद बरामद किया। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके से बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहचान छिपाने और जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए स्कूटी किराए पर ली थी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Published on:
08 Jun 2026 04:35 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
