
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के मद्देनजर सिलिगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी। (Photo- ANI)
PM Modi criticised TMC ahead of West Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और सियासी खींचतान तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर बरसे। उन्होंने राज्य सरकार पर विशेष वोट बैंक को खुश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'क्रूर तृणमूल कांग्रेस सरकार का बजट उत्तर बंगाल के खिलाफ भेदभाव का उदाहरण है। इस सरकार ने मदरसों के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया। लेकिन बंगाल सरकार उत्तर बंगाल के इतने बड़े हिस्से के विकास के लिए पर्याप्त बजट आवंटित नहीं करती। तृणमूल कांग्रेस दिन-रात अपने विशेष वोट बैंक को खुश करने में लगी है। जब उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचाई, तो हर जगह अफरा-तफरी मच गई। उस समय निर्दयी TMC सरकार कोलकाता में जश्न मना रही थी। TMC उत्तर बंगाल विरोधी पार्टी है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल 'परिवर्तन के लिए दृढ़ संकल्पित' है। दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा।
जनसभा में बंगाल की चुनावी यात्रा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, 'कल मैंने बंगाल के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया। वहां मैंने युवाओं, माताओं, बहनों, बुजुर्गों और ग्रामीणों में जो उत्साह, ऊर्जा और उमंग देखी, वह अद्भुत थी। लोग बड़ी कठिनाइयों का सामना करते हुए मीलों पैदल चलकर आए थे। बंगाल अब बदलाव के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस बार यह निश्चित है कि टीएमसी की सत्ता भंग होगी।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को चेतावनी देत हुए कहा, 'टीएमसी के लोगों, ध्यान से सुनो। 4 मई के बाद भाजपा की सरकार बनेगी और उन्हें पिछले 15 वर्षों के हर पल का हिसाब देना होगा। उन्हें एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा।'
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सिलीगुड़ी में उनकी रैली में भारी भीड़ पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ बढ़ते जन आक्रोश को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं तुम्हारे लिए जिऊंगा। मैं तुम्हारे लिए संघर्ष करता रहूंगा। मित्रों, और आज का यह दृश्य मुझे पूरा विश्वास दिलाता है कि यह टीएमसी की नींद तोड़ देगा। सिलीगुड़ी में इस रैली ने टीएमसी के तथाकथित जंगल राज को विदाई दे दी है। पूरे बंगाल में सिर्फ एक ही नारा गूंज रहा है, सिर्फ एक ही नारा सुनाई दे रहा है। क्रूर टीएमसी सरकार ने 15 साल पूरे कर लिए हैं। इन 15 सालों में आपने तबाही देखी है। मैं यहां कई युवाओं को देख सकता हूं… मित्रों, आज मैं एक-एक करके आपके सामने TMC के सारे गुनाहों और उसके काले कारनामों की पूरी सूची रखूंगा।'
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 23 और दूसरा चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
Updated on:
12 Apr 2026 04:30 pm
Published on:
12 Apr 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
