गुरु पूर्णिमा पर श्री दादाजी धाम में आस्था का सैलाब तो उमड़ा ही, साथ ही श्रद्धा से दान भी खूब आया। पर्व के दौरान लगाई गई दान पेटियों को शनिवार मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में खोला गया। दान पेटियों और रसीद काउंटर के माध्यम से पर्व के सात दिन में 31.92 लाख रुपए का दान ट्रस्ट में आया है। इसमें से 17.31 लाख दान काउंटर से नकद प्राप्त हुआ, जिसे ट्रस्ट ने खाते में जमा कराया है। वहीं, 35 दान पेटियों में से 30 दान पेटियों से 14.41 लाख रुपए प्राप्त हुए। पांच पेटियों की गणना रविवार को की जाएगी।
13 स्थाई दानपेटियों के साथ 22 अस्थाई पेटियां भी लगाई
हर साल गुरु पूर्णिमा पर्व पर 13 स्थाई दान पेटियों के साथ 22 अस्थाई दान पेटियां भी लगाई जाती है। स्थाई दानपेटियों को 5 जुलाई को ही खाली कर लिया गया था। वहीं, अस्थाई पेटियां पर्व के दो दिन पूर्व मंगलवार से लगाई गई थी। शनिवार दोपहर 12.30 बजे दान पेटियां खोलकर गिनती शुरू की गई। गिनती के लिए करीब 35 सेवादार लगे। शाम 6.30 बजे तक गिनती चलती रही, लेकिन पांच पेटियों की गिनती बाकी रह गई। ट्रस्ट के सुभाष नागोरी ने बताया कि दान काउंटर से मिली नकद दान राशि के 17.31 लाख रुपए ट्रस्ट के खाते में जमा करा दिए गए है। पांच पेटियों की गिनती और चेक व अन्य माध्यमों से आए दान की गिनती के बाद पूरे दान का आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा।
मंदिर निर्माण की दानपेटी नहीं खुली
श्री दादाजी धाम में नव मंदिर निर्माण भी इसी वर्ष से आरंभ होना है। मंदिर निर्माण के लिए भी श्री दादाजी धाम में एक दान पेटी लगाई गई थी। इस पेटी को अब तक नहीं खोला गया है। प्रशासन के मुताबिक तहसीलदार के माध्यम से इस पेटी के दान की गणना की जाएगी। इसमें आई दान राशि को मंदिर निर्माण के लिए खोले गए बैंक खाते में जमा कराया जाएगा।