
नोएडा. कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में तमाम जगहों, खासतौर पर हॉटस्पॉट वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। नोएडा में हॉटस्पॉट घोषित सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। लेकिन, निगरानी के दौरान ड्रोन के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि बीते पांच दिन पहले लापता ड्रोन की तलाश के लिए दूसरे ड्रोन की मदद ली गई। उसने दूसरे दिन ही लापता ड्रोन को ढूंढ निकाला। लापता ड्रोन निर्माणाधीन नार्थ आई की छत पर मिला।
उल्लेखनीय है कि कोविड-19 के पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने सेक्टर-75 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी हॉटस्पॉट घोषित कर रखा है। बताया जाता है कि पांच दिन पहले थाना सेक्टर-49 की पुलिस ने इस सोसायटी के अंदर निगरानी के लिए ड्रोन की डिमांड की थी। पुलिस डिपार्टमेंट ने एक निजी कंपनी से ड्रोन किराये पर लेकर निगरानी के लिए लगा दिया। बताया जाता है कि कंपनी ऑपरेटर ने ड्रोन की ऊंचाई करीब 130 मीटर लॉक करके उड़ाया। कुछ देर तक ड्रोन से वीडियो मिलता रहा। सोसायटी के अंदर का पूरा नजरा साफ साफ दिखाई देता रहा। लेकिन, भूतल पर मौजूद ऑपरेटर से ड्रोन का संपर्क टूट गया। ऑपरेटर ने ड्रोन से संपर्क जोड़ने की तमाम कोशिशें की, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली।
इसके बाद लापता ड्रोन की तलाश के लिए दूसरा ड्रोन उड़ाया गया। आखिर, घटना के अगले दिन दूसरे ड्रोन ने उसे ढूंढ निकाला। वह केपटाउन सोसायटी के बगल में निर्माणाधीन नार्थ आई नाम के सोसयटी की छत पर मिला। थाना सेक्टर-49 के एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नेटवर्क में खराबी के कारण ड्रोन से संपर्क टूट गया था।
Published on:
18 Apr 2020, 11:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.