
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नाेएडा.कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर ने आर्थिक तौर पर लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। जहां लोग कोरोना संक्रमण से परेशान हैं तो वहीं नौकरी पर छाए संकट के बादल छटने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी वजह से लोग पीएफ का पैसा निकालकर कर घर का खर्च चला रहे हैं तो कुछ बिना किसी परेशानी के अपनी भविष्य निधि निकाल रहे हैं। बता दें कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक फिर कोविड एडवांस स्कीम (Covid Advance Scheme) की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रोविडेंट फंड (Provident Fund) से तीन माह के वेतन के बराबर राशि निकाली जा सकती है। हालांकि इस योजना का लाभ बहुत ज्यादा जरूरत होने पर ही लें। क्योंकि पीएफ से राशि निकालने पर रिटायरमेंट फंड को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है।
बता दें कि रिटायरमेंट (Retirement) के बाद भी पीएफ (PF) राशि नहीं निकालने पर तीन साल तक जमा राशि पर ब्याज मिलता है, लेकिन अगर आप अभी से राशि निकाल लेंगे तो भविष्य में चिंता का सबब हो सकता है। यही वजह है कि अधिकतर लोग पीएफ राशि का भविष्य निधि के रूप में सुरक्षित रखते हैं। यहां यह भी जानना जरूरी है कि जरूरत के समय राशि निकालते समय केवाईसी होना जरूरी है। नियमानुसार, दो माह तक बेरोजगार रहने पर पीएफ की पूरी राशि आहरित की जा सकती है। वहीं, नौकरी छोड़ने के एक महीन बाद 75 प्रतिशत राशि आहरित की जा सकती है। जबकि सेवाकाल दस साल से कम होने पर पेंशन की राशि भी पूरी निकाली जा सकती है। सामान्यत: पीएफ की पूरी राशि रिटायरमेंट के बाद ही आहरित की जा सकती है।
नई नौकरी मिलते ही पुराने पीएफ खाते को जोड़ें
अक्सर देखा जाता है कि प्राइवेट जॉब करने वाले लोग दो-तीन साल में नौकरी बदल देते हैं और पीएफ की राशि भी पूरी आहरित कर लेते हैं। ऐसा करना घाटे का सौदा साबित हो सकता है। क्योंकि एक तो आपकी बचत खत्म हो जाती है और और आपकी पेंशन राशि में भी निरंतरता नहीं रहती है। इसलिए सबसे बेहतर है कि नई नौकरी मिलते ही पुराने पीएफ खाते को जोड़ लें। इससे आपके रिटायरमेंट पर आपको ज्यादा लाभ मिलेगा।
अप्रैल 2020 से मई 2021 तक 1.22 लाख लोगों ने निकाले 242 करोड़
अप्रैल 2020 से मई 2021 तक 1.22 लाख लोगों ने कोविड-19 एडवांस योजना के तहत पीएफ से 242 करोड़ रुपए की राशि निकाली है। बता दें कि कोरोना की पहली लहर के दौरान आर्थिक स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने पीएफ राशि निकालनी शुरू कर दी थी। वहीं, भविष्य निधि विभाग की ओर से भी कोविड-19 एडवांस का विकल्प दिया गया था। आवेदकों को पीएफ राशि मिलने से कोरोना काल में काफी मदद मिली। कोविड एडवांस के तौर पर आवेदकों को तीन माह का वेतन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 242 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दूसरी लहर में एक अप्रैल से दो जून तक 18165 लोगों ने एडवांस के लिए आवेदन किया है।
दूसरी बार भी उठा सकते हैं लाभ
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 सुशांत कांडवाल ने बताया कि कोविडि एडवांस योजना के तहत लोगों को एक बार फिर से मौका दिया गया है। इस बार पहले पैसे निकाल चुका व्यक्ति भी दूसरी बार पैसे निकाल सकता है। उन्होंने बताया कि पहली बार दी गई राशि को कुछ लोगों ने नाकाफी बताया था। इसलिए फिर से एडवांस योजना की शुरुआत की गई है। इसके लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है। इसके तहत तीन माह का वेतन या कुल पीएफ की 75 फीसदी राशि में जो भी कत हो वह राशि दी जाएगी।
Published on:
06 Jun 2021 03:38 pm
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
