
विधायक पंकज सिंह के साले जसपाल राणा का निधन। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Jaspal Rana Died: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह(Rajnath Singh) के परिवार पर दुखों का दोहरा पहाड़ टूट पड़ा है। बेहद कम समय के अंतराल में परिवार ने अपने दो करीबी सदस्यों को खो दिया है। एक तरफ जहां इंदौर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में रक्षा मंत्री के भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी तरफ उनके बेटे और नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह के साले व देश के दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का भी निधन हो गया है।
गुरुवार देर रात मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई। शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रभात सिंह की मौत हो गई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया के रेवती क्षेत्र के गाय घाट के रहने वाले थे। प्रभात के पिता प्रदीप सिंह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते में भाई लगते हैं।
अभी परिवार भतीजे की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि राजनाथ सिंह के परिवार को दूसरा बड़ा झटका लगा। देश के मशहूर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज, पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार विजेता Jaspal Rana का निधन हो गया। जसपाल राणा की सगी बहन सुषमा राणा भी शूटिंग कोच हैं, जो कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की बहू हैं। राजनाथ सिंह के बेटे और सुषमा राणा के पति पंकज सिंह नोएडा के विधायक हैं।
उत्तराखंड में जन्मे जसपाल राणा ने बेहद कम उम्र में निशानेबाजी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी। उन्होंने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और कई अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए अनेक पदक जीते। अपने लंबे खेल करियर में उन्होंने सैकड़ों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल कर भारतीय खेल इतिहास में विशेष स्थान बनाया।
खिलाड़ी के रूप में सफलता हासिल करने के बाद जसपाल राणा ने कोच की भूमिका में भी भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया। उनके मार्गदर्शन में कई युवा निशानेबाजों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। खेल के प्रति उनका समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति हमेशा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही।
जानकारी के मुताबिक इस सप्ताह की शुरुआत में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारत के पिस्टल शूटर्स के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत जसपाल राणा को म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से लौटते समय बेचैनी महसूस हुई थी। नई दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
12 जून को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने जसपाल राणा के निधन की आधिकारिक पुष्टि की। उनके निधन की खबर सामने आते ही खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई और देशभर से श्रद्धांजलि संदेश आने लगे।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि जसपाल राणा जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी और प्रशिक्षक का निधन भारतीय निशानेबाजी के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए समर्पित किया। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
जसपाल राणा के निधन पर राजनीतिक नेताओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
Updated on:
12 Jun 2026 05:23 pm
Published on:
12 Jun 2026 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
