नोएडा. यूपी पुलिस का मिशन ऑलआउट जिले में अभी भी जारी है। जब से एनकाउंटर मैन के नाम से मशहूर एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने जिले का चार्ज संभाला है, तब से बदमाशों के होश उड़े हुए हैं। इस अभियान में ग्रेटर नोएडा पुलिस को गुरुवार देर रात उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी। जब थाना कासना क्षेत्र के एटीएस गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लागने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश को भी गोली लगी। जबकि एक बदमाश मौके से फरार होने में सफल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाशों से पुलिस ने कई अवैध हथियार के साथ लूटी हुई कार भी बरामद की है। पकड़े गए बदमाश ग्रेटर नोएडा के पॉश कॉलोनी में एक पीजी में रहा करते थे। पुलिस में पीजी पर भी छापा मारकर पकड़े गए बदमाश के एक साथी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने पीजी से भी दो अवैध हथियार बरामद किए हैं।