
मौसम विभाग ने बारिश की जताई संभावना
Weather update Rain: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। विभाग ने स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 24 और 25 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इन दोनों दिनों में दोपहर और शाम के समय हीट वेव का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा।
इसके बाद 26 अप्रैल से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां आंशिक बादल छाने की संभावना है। 27 और 28 अप्रैल को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिससे गर्मी में कुछ हद तक कमी आ सकती है। हालांकि तब तक लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचकर रहना होगा। वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्कूल प्रबंधन भी सतर्क हो गए हैं। स्कूलों में खेलकूद के समय में बदलाव किया गया है और बच्चों को दोपहर के समय मैदान में जाने पर रोक लगा दी गई है, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सके। दूसरी ओर, NCR में वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक बनी हुई है।
दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। आनंद विहार में एक्यूआई 303, बवाना में 251, चांदनी चौक में 202 और अशोक विहार में 229 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 369 और वेद विहार-लोनी में 357 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी और खराब वायु गुणवत्ता का संयुक्त प्रभाव स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
संबंधित विषय:
Published on:
23 Apr 2026 03:24 pm
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
