
नोएडा सेक्टर-126 थाना इलाके में स्थित यमुना नदी पर बने कालिंदी कुंज पुल से एक युवती और एक युवक ने खुदकुशी करने के इरादे से छलांग लगा दी। जिसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मछुआरों की मदद से युवती को तो निकाल लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि युवक की तलाश जारी है। घटना दिल्ली की सीमा पर होने के कारण दिल्ली पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है। पुलिस लड़की-लड़के के परिवार वालों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यमुना के नदी के पुल से ही एक युवक और एक युवती ने अचानक छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि दोनों नोएडा की ओर से कालिंदी कुंज जाने वाले रास्ते पर स्लेटी रंग की ब्रेजा कार में सवार होकर पहुंचे थे। जिस समय दोनों ने यमुना में छलांग लगाई, उस दौरान पुल पर काफी ट्रैफिक था। जिसके कारण वहां हड़कंप मच गया और सभी लोग पुल के नीचे झांककर देखने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान स्थानीय मछुआरों की मदद से युवती को बरामद कर लिया गया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि जब लड़की लाया गया था, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस मछुआरों के साथ युवक की तलाश में जुटी थी।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कार सवार युवक की पहचान मोहम्मद वकील पुत्र करीमुल्ला निवासी संगम विहार दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक शादीशुदा है। जबकि युवती का नाम सायरा बानो पुत्री मोहम्मद मुमताज अली संगम विहार दिल्ली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ मामला है। पुलिस सभी बिंदुओ पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बारे में दिल्ली पुलिस को भी सूचना दे दी गई है और युवक-युवती के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
Published on:
29 Jan 2022 06:12 pm
