6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाठक पीठ : पाठकों के सराहनीय पत्र First Week Nov 2026

अखबार सिर्फ खबरों का आईना नहीं होता, वह समाज की सोच, सरोकारों और संवाद का मंच भी होता है। और इस मंच को सबसे अधिक जीवंत बनाते हैं आप यानी हमारे पाठक। आपकी राय, आपके सवाल, आपकी असहमति और आपके सुझाव ही लोकतांत्रिक संवाद की असली ताकत हैं। तो आइए लिखिए, सवाल उठाइए, सुझाव दीजिए और स्वस्थ संवाद को आगे बढ़ाइए। आप अपने पत्र हमें ई-मेल edit@epatrika.com पर भेज सकते हैं।
12 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

Updated: 6 Nov 2026, 8:44 PM IST

Pathak Peeth 1

पर्यावरण का भी खयाल करें
दीपावली का त्योहार रोशनी और समृद्धि का त्योहार हैं । आतिशबाजी से पूरा वातावरण धुएं और धूल से भर जाता है यहां तक कि श्वास लेना ही मुश्किल होता जा रहा है । बीमार लोगों खास तौर से दमा के मरीजों पर असर पड़ता है, साथ ही पर्यावरण भी प्रदूषित होता है । त्योहार बड़ी धूमधाम तथा जोश के साथ मनाना चाहिए लेकिन स्वास्थ्य और पर्यावरण की कीमत पर नहीं ।
- बृजपाल सिंह, जयपुर
------------------------------------

स्थानीय बाजार की ओर ध्यान दें
समृद्धि का महापर्व पंचदिवसीय दीपावली उत्सव देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बाजार की रौनक हम सब देख रहे हैं। परंतु हमें स्थानीय बाजार की ओर देखने की आवश्यकता है। हमें हस्तशिल्पी , बुनकर, दर्जी, कुम्हार जैसे तबकों की ओर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। बाजार में कई तरह के उत्पाद बिक रहे हैं, परंतु उन उत्पादों को खरीदने के चक्कर में हम हमारे असंगठित क्षेत्र पर निर्भर तबके को भूल रहे हैं। स्वदेशी का मतलब विदेश में बना हुआ सामान का बहिष्कार करना ही नहीं है बल्कि गांव और कस्बों में बनने वाले उत्पाद के बाजार को मजबूत करना है।
- दिलीप शर्मा, श्रीमाधोपुर
---------------------------------------

पिता का नाम अंकित नहीं होता
सरकारी सेवा से रिटायर्ड कर्मचारियों-अधिकारियों के पी पी ओ में पिता का नाम अंकित नहीं किया जाता है। जबकि सर्विस बुक- सर्विस रोल में पिता का नाम आवश्यक रूप से अंकित किया जाता है। आधार कार्ड, मतदाता कार्ड अथवा अन्य किसी दस्तावेज को सेवा निवृत्ति के बाद बनवाना पड़े अथवा संशोधन करवाना पडे तो पी पी ओ की मान्यता अधिक होती है परंतु पिता अथवा पति के नाम की पुष्टि के लिए पी पी ओ मान्यता प्राप्त दस्तावेज है।
- घनश्याम मंगल, सवाई माधोपुर
-----------------------------------------

डिजिटल सुरक्षा की आधुनिक तकनीक अपनाएं बैंक
बैंकों को जोखिम प्रबंधन की आधुनिक प्रणाली को सख्ती से अपनाना चाहिए। एनपीए परिसंपत्तियों की सही और पारदर्शी पहचान होना चाहिए। तकनीकी और डिजिटल सुरक्षा की आधुनिक तकनीक को सभी बैंकों ने अपनाना चाहिए क्योंकि आज के दौर में साइबर फ्रॉड से बचाव अतिआवश्यक है। ग्राहक सेवा में सुधार होना चाहिए। अशक्त, बीमार और उम्र दराज सीनियर सिटीजंस के लिए उनके घर पर ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रबंध होना चाहिए। बैंकों में कुशल प्रबंधन को बढ़ावा मिलना चाहिए। सभी बैंकों में आरबीआइ के नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए।
- ललित महालकरी, इंदौर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

पटाखे चलाने में सावधानी बरतें
दीपावली पर पटाखे चलाने में विशेष रूप से बच्चों के साथ सावधानी बरतने की जरूरत है । बच्चे यदि पटाखे चलाने की जिद करते हैं ,तो उनको अकेला ना छोड़ें, उनके साथ में रहें। बच्चों को कभी भी पोटेशियम वाली गन नहीं दें।
- निर्मला वशिष्ठ, राजगढ़, अलवर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

दीपावली पर गरीबों की मदद करें
दीपावली पर गिले शिकवे भूलने तथा सौहार्द कायम रखना हम सबका ध्येय होना चाहिए। ग्रीन पटाखे का प्रयोग करें । रात्रि 10 बजे बाद पटाखे चलाने पर प्रतिबंध लगना चाहिए। गरीबों की दिवाली अच्छी से बने, इसके लिए उनकी मदद की जाए।
- शिवजी लाल मीणा, जयपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

बच्‍चों को खुशियां मनाने दें
हर साल दिवाली पर वायु प्रदूषण के नाम पर शहरी क्षेत्रों विशेषकर दिल्ली एनसीआर में पटाखे जलाने पर रोक लगा दी जाती है, लेकिन वाहनों, निर्माण कार्य पर कोई रोक नहीं। इससे बच्चों की खुशियां मनाने के अधिकार का हनन होता है।
- सुदेश बिश्नोई, श्रीगंगानगर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

नशे का अवैध कारोबार गंभीर चुनौती
नशे का अवैध कारोबार आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। चंद पैसों के लालच में कुछ लोग युवाओं के भविष्य और समाज की खुशहाली को दांव पर लगा रहे हैं। नशीले पदार्थों का बढ़ता अवैध व्यापार न केवल युवाओं को गलत रास्ते पर धकेल रहा है, बल्कि परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी कमजोर कर रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस कारोबार का जाल धीरे-धीरे गांवों और कस्बों तक फैल रहा है। इसे रोकना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। नशे के सौदागरों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए तथा युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩा चाहिए।
- कमल कुमार कुमावत, गोविन्दगढ़ (जयपुर)
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

ईडब्ल्यूएस आरक्षण में सरलीकरण हो
सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस केटेगरी के तहत आरक्षण तो लागू कर दिया है परंतु इस इसकी जटिल शर्तों के कारण इसकी पहुंच कमजोर वर्ग से दूर है। केंद्र के ईडब्ल्यूएस के लिए जमीन से जुड़ी शर्त हटानी चाहिए क्योंकि इलाकों में अधिकांश परिवार कृषि पर निर्भर है। किसान के पास आठ-दस बीघा जमीन होना आम है इसलिए वह इसमें पात्रता नहीं रख पाते हैं।
- अजीतसिंह सिसोदिया खारा, बीकानेर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

ई-कचरे केवल अधिकृत रिसाइकिलिंग सेंटर्स को सौंपें
ई-कचरा उन पुराने, खराब या अनुपयोगी बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कहा जाता है जो उपयोग के बाद बेकार हो जाते हैं, जैसे पुराने मोबाइल, लैपटॉप, टीवी और चार्जर। इन उपकरणों में सीसा, पारा और कैडमियम जैसे बेहद जहरीले और खतरनाक रसायन होते हैं। जब इन्हें सामान्य कचरे के साथ फेंक या जला दिया जाता है, तो ये विषैले तत्व मिट्टी, हवा और भूजल में मिलकर पर्यावरण को गंभीर रूप से प्रदूषित करते हैं, जिससे इंसानों में कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां फैलती हैं। इस संकट से बचने का एकमात्र समाधान यह है कि हम ई-कचरे को कचरे के डिब्बे में न डालकर केवल अधिकृत रिसाइकिलिंग सेंटर्स को सौंपें और गैजेट्स को बार-बार बदलने के बजाय उन्हें रिपेयर करके लंबे समय तक इस्तेमाल करने की आदत डालें।
- अनिरुद्ध लोवंशी, नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश)
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाएं जाएं
जितनी भी लंबी दूरी की सुपर, एक्सप्रेस व फास्ट गाडिय़ां हैं, उनमें सामान्य श्रेणी के दो या तीन कोच जुड़े होते हैं। सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले काफी दिक्कतों का सामना करते हुए सफर करते हैं। सभी सुपर, फास्ट एक्सप्रेस गाडिय़ों में कम-से-कम आगे और पीछे दो-दो कोच की बजाय चार-चार सामान्य श्रेणी के कोच जोड़े जाने चाहिए। आम आदमी की सुविधाजनक यात्रा का ख्याल रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
- हेमा हरि उपाध्याय, ‘अक्षत’, खाचरोद, उज्जैन
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

एआइ से बच्चों की मौलिक सोच पर पड़ेगा प्रभाव
एआइ के बढ़ते उपयोग से बच्चों की स्वयं सोचने, समझने और तर्क करने की क्षमता प्रभावित होने की आशंका है। तैयार जवाबों पर निर्भरता उनकी मौलिक सोच और बौद्धिक विकास को कुंद करेगी।
- गोपाल अरोड़ा, जोधपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

रैगिंग पर हो कठोर कार्रवाई
मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की गतिविधियां रोक के बावजूद भी रुक नहीं रही है। विद्यार्थियों से अभद्र भाषा बुलवाना, शैक्षणिक नुकसान की धमकी, सामाजिक बहिष्कार का डर, अपमानजनक गतिविधि करवाना, देर रात हॉस्टल में बुलाना और अश्लील सामग्री पढ़वाने से विद्यार्थी मानसिक तनाव में आकर कोई गलत कदम उठा सकता है। एंटी रैगिंग सेल को इस पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
- गोकुल चंद यादव, मुंडावर, खैरथल
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

दीपावली पर चलाएं इको फ्रेंडली पटाखे
दीपावली का पर्व प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है और पटाखे भी चलाए जाते हैं, लेकिन यह देखकर दुख होता है कि कुछ अति उत्साही लोग बहुत ज्यादा आवाज करने तथा धुआं फैलाने वाले पटाखे चलाते हैं। इस कारण फैलने वाले ध्वनि तथा वायु प्रदूषण से पर्ययावरण को भी नुकसान पहुंचता हैै। यदाकदा दुर्घटनाएं भी घट जाती हैं। इन सबसे बचने के लिए इस दीपावली पर इको फ्रेंडली तथा कम आवाज करने वाले पटाखे ही चलाएं ताकि ध्वनि तथा वायु प्रदूषण न हो।
- वसंत बापट, भोपाल
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

इवेंट बनते जा रहे हैं त्योहार
बाजारवाद की संस्कृति हमारे सनातन संस्कृति के सभी प्रमुख त्योहारों पर हावी होती जा रही है। त्योहारों की स्वाभाविकता को इसने लील लिया है। त्योहारों से जुड़े हुए परंपरागत व्यवसाय खत्म हो रहे हैं। प्रदर्शन और दिखावे की होड़ त्योहारों के अवसर पर लोगों को तनाव देने लगे हैं। अब त्योहार सामाजिक सदभाव, समरसता, प्रेम, भाईचारे और शास्त्रीय परंपरा के प्रतीक न होकर एक इवेंट के रूप में तब्दील होते जा रहे हैं। त्योहारों की मूल भावना को कायम रखने के लिए लोगों को सादगी, सहजता, मितव्ययिता एवं सहायता के दीपों को प्रज्वलित करना होगा तभी सार्थक दीपावली का शंखनाद हो सकेगा।
- ललित महालकरी, इंदौर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

भ्रष्टाचार पर मिले कठोर दंड
लोकतंत्र में सार्वजनिक पद प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व है। भ्रष्टाचार के आरोपों से शासन व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय निष्पक्ष जांच, पारदर्शी कार्रवाई और दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड सुनिश्चित होना चाहिए। कानून की नजर में सभी समान होने चाहिए।
- बाकेश कुमार, बाड़मेर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

रैगिंग से मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव
सख्त कानूनों के बावजूद भी शिक्षण संस्थानों में रैगिंग की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है, जो बेहद चिंता का विषय है। रैगिंग की घटनाओं से नए छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उनका आत्मविश्वास कमजोर पड़ता है। रैगिंग की घटनाएं केवल कानूनों से खत्म नहीं होने वाली है, इसके लिए शिक्षण संस्थाओं, शिक्षकों और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों की अनवरत काउंसलिंग की जानी चाहिए, साथ ही रैगिंग में लिप्त छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
- प्रकाश भगत, चांदपुरा, कुचामन सिटी
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

मोबाइल है एकाग्रता में बाधा
मोबाइल तकनीक एक बेहतरीन नौकर है, लेकिन एक बहुत बुरा मालिक है। बच्चों का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि वे तकनीक का उपयोग अपने विकास के लिए साधन के रूप में करते हैं या उसे अपनी कमजोरी बनने देते हैं। यदि सही मार्गदर्शन, प्यार और थोड़े सख्त अनुशासन के साथ बच्चों को संभाला जाए, तो वे अपनी पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं और एक उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। बच्चे वही सीखते हैं जो वे बड़ों को करते देखते हैं। यदि माता-पिता खुद हर वक्त फोन में व्यस्त रहेंगे, तो बच्चों को मोबाइल से दूर रखना कठिन होगा। जब बच्चा पढ़ाई के लिए फोन या लैपटॉप का उपयोग कर रहा हो, तो उसकी गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखें ताकि वह पढ़ाई की आड़ में अन्य ऐप्स का उपयोग न करे।
- नरेंद्र सिंह रलिया, भोपालगढ़, जोधपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

स्वच्छता में जन सहभागिता आवश्यक
स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों या कागजी नीतियों से संभव नहीं है। इसके लिए कड़े नियमों का अनुपालन और जन सहभागिता का संगम अत्यंत आवश्यक है। जब तक नागरिक स्वच्छता को अपनी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी नहीं मानेंगे, तब तक कोई भी अभियान पूर्णत: सफल नहीं हो सकता। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना, प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग और गंदगी फैलाना बंद करने के लिए बनाए गए नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य होना चाहिए, ताकि लोगों में अनुशासन की भावना जगे। साथ ही, जब हर व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और कार्यस्थल को साफ रखने में सक्रिय योगदान देगा, तभी स्वच्छ भारत का सपना एक स्थायी वास्तविकता बन पाएगा।
- डॉ. अजिता शर्मा, उदयपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

सिटीज-2 परियोजना की पहल सराहनीय
मध्यप्रदेश में नगरीय विकास विभाग की सिटीज-2 परियोजना की पहल शहरों के विकास की योजनाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें जलवायु और पर्यावरण के आंकड़ो के आधार पर शहरों में जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए क्लाइमेट सेंटर बनाए जाएंगे। जिसमें विशेषज्ञ टीम द्वारा पर्यावरण एवं प्रदूषण संबंधी डेटा संग्रहण, रिस्क असेसमेंट, एक्शन प्लान, तकनीकी व नीतिगत सहयोग व समन्वय से शहरों के समुचित विकास की योजनाएं बनेंगी। जिससे शहरों में गर्मी के प्रभाव को कम करने, ग्रीन कॉरिडोर निर्माण, शहरी वन, जलाशय संरक्षण व संवर्धन, वर्षा जल संचयन, सुगम परिवहन आदि में लाभ मिलेगा।
- किशोर कुमार वर्मा, देवास, मध्य प्रदेश
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

नैतिक मूल्यों में गिरावट चिंताजनक
राजनीति में नैतिक मूल्यों और आपसी सम्मान में गिरावट चिंताजनक है। एक समय था, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता राजनीतिक मतभेदों के बावजूद एक-दूसरे का सम्मान करते थे। आज स्थिति यह है कि पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं। राजनीतिक विरोध अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। लोकतंत्र में असहमति स्वाभाविक है, लेकिन उसका आधार शालीनता और मर्यादा होनी चाहिए। सत्ता में बने रहने की राजनीति में नैतिक मूल्यों की अनदेखी लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए उचित नहीं है। सरकार और विपक्ष, दोनों को राजनीतिक संवाद में शिष्टाचार और आपसी सम्मान बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।
- कैलाश चन्द्र मोदी, सादुलपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

एआइ पर निर्भरता मौलिक सोच को प्रभावित करेगी
एआइ के बढ़ते उपयोग से बच्चों की स्वयं सोचने, समझने और तर्क करने की क्षमता प्रभावित होने की आशंका है। तैयार जवाबों पर निर्भरता उनकी मौलिक सोच और बौद्धिक विकास को कुंद करेगी। तकनीक बच्चों की प्रतिभा निखार सकता हैं, बल्कि उन्हें सोचने की प्रक्रिया से दूर करेगी। शिक्षा में एआइ की स्वतंत्र चिंतन करने की आवश्यकता है।
- गोपाल अरोड़ा, जोधपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

पारदर्शिता के साथ काम करें
ग्रामीण क्षेत्रों से चुने गए जनप्रतिनिधि चुनाव से पहले जारी किए गए घोषणा पत्र को धरातल पर शत प्रतिशत लागू करें। ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता से कार्य करे ताकि गांवों का धरातल मजबूत हो। हर गली और घर को मजबूती मिले। गांवों के प्रत्येक परिवार को मूलभूत सुविधाएं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, मकान, भूमि, रोजगार समय पर उपलब्ध हो। जनप्रतिनिधियों को ग्रामीण क्षेत्रों में दिनोंदिन बढ़ने वाले विभिन्न प्रकार के नशे को दूर करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाना चाहिए, जिससे युवा पीढ़ी को बचाया जा सके। महिला शिक्षा को अधिक से अधिक बढावा देने के लिए जनप्रतिनिधियों को समय समय कार्य करना चाहिए तथा गांवों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए।
- कुमार जितेंद्र जीत, मोकलसर (बालोतरा)
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

ग्रीन दिवाली मनानी चाहिए
दीपावली प्रकाश और खुशियों का त्योहार है, लेकिन आधुनिक समय में पटाखों के अत्यधिक प्रयोग ने इसे वायु और ध्वनि प्रदूषण का मुख्य कारण बना दिया है। पटाखों को जलाने से सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और भारी धातुएं हवा में मिल जाती हैं, जिससे हवा की गुणवत्ता अत्यंत खतरनाक स्तर पर पहुंच जाती है। इससे सांस के मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी होती है। इसके साथ ही, पटाखों से उत्पन्न तेज आवाज (ध्वनि प्रदूषण) इंसानों के कानों और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, जिससे पालतू जानवर और पक्षी भी बुरी तरह डर जाते हैं। हमें पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए इस बार 'हरित दिवाली' मनानी चाहिए और पटाखों का त्याग करना चाहिए।
- विकास स्वर्णकार, कोटकासिम
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

डिजिटल युग और हमारी जीवनशैली
​आज का युग डिजिटल युग है, जहां तकनीक ने हमारे जीवन को बेहद आसान बना दिया है। सुबह की शुरुआत से लेकर रात की नींद तक, मोबाइल और इंटरनेट हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। इसने हमें दुनिया के किसी भी कोने से जोड़े रखा है, लेकिन इसके साथ ही इसने हमारी जीवनशैली को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। ​स्क्रीन टाइम बढ़ने से शारीरिक श्रम कम हुआ है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। बच्चों और युवाओं में आउटडोर खेलों के प्रति रुचि कम हो रही है। आवश्यकता इस बात की है कि हम तकनीक का उपयोग एक सीमा तक करें और अपने वास्तविक रिश्तों व स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
- सी.पी.गोदारा, ओसियां
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

दवाओं की कीमत और गुणवत्ता पर नियंत्रण जरूरी
भारत दुनिया की फार्मेसी कहलाता है, लेकिन देश में दवाओं की महंगाई, नकली और घटिया गुणवत्ता वाली औषधियां गंभीर चिंता का विषय हैं। जिस दवा से मरीज जीवन बचाने की उम्मीद करता है, वही कई बार उसके लिए खतरा बन जाती है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर की 137 दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तय किया है। इससे इनकी कीमतों में 20 से 70 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है। यह स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन ऐसी व्यवस्था दूसरी जरूरी दवाओं पर भी लागू होनी चाहिए। दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण इकाइयों और मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण तथा संदिग्ध दवाओं की प्रयोगशालाओं में जांच जरूरी है। नकली दवाओं के कारोबारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जन औषधि केंद्रों का विस्तार भी ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाए। साथ ही दवाओं की कीमत, गुणवत्ता और निर्माण संबंधी जानकारी सार्वजनिक हो। आखिर दवा सामान्य वस्तु नहीं, जीवन बचाने का माध्यम है। मरीजों की मजबूरी को मुनाफाखोरी का जरिया बनने से रोकना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
- सुभाष बुड़ावन वाला, रतलाम
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

चार्जिंग बंद करने का फैसलासराहनीय
रेलवे का रात 11 से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों में चार्जिंग बंद रखने का फैसला सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। सस्ते चार्जर से पूरी रात चार्ज करने पर फोन/पावर बैंक गर्म होकर फटने और आग लगने का खतरा रहता है। साथ ही चार्जिंग की लाइट से सह-यात्रियों की नींद खराब होती है और फोन चोरी की घटनाएं भी बढ़ती हैं। यही नियम बसों में भी लागू हो। सभी बसों में रात 11 से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग बंद करने का निर्देश देना चाहिए। यात्रियों से अपील है, अपना फोन दिन में ही फुल चार्ज कर यात्रा करें।
- राजेश पी. कारिया, अकोला
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

जलभराव व लवणता से बर्बाद हो रही खेती
गंगानगर में सतही लवणता का मुख्य कारण भूजल का अत्यधिक लवण-युक्त होना है । गंगानगर, नागौर-गंगानगर बेसिन का भाग है, जहां गहराई में लवण और पोटाश के भंडार मौजूद हैं और इनका संबंध पाकिस्तान की 'सॉल्ट रेंज' (लवण की शृंखला) से जोड़ा जाता है, जो लवण के भंडारों के लिए काफी प्रसिद्ध है। संभवतः, लगभग पांच से नौ हजार वर्ष पूर्व ( होलोसीन कल्प) में अत्यधिक वर्षा के कारण भूजल गंगानगर क्षेत्र में लवण की परतों तक पहुंच गया और कालांतर मे लवण-युक्त भूजल का कारण बना । समय- समय पर अधिक वर्षा में यह लवण - युक्त भूजल ऊपर की ओर उठकर सम्भवत सतह तक आते है । नलकूपों से सिचाई से भी मिट्टी मे लवण की मात्रा बढ़ जाती है । इस कल्प मे बहुत अधिक वर्षा के कारण सिंधु- सरस्वती सभ्यता अपने शिखर पर थी।
- वेद प्रकाश लाल, जयपुर
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - -