29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / बेहद रोचक संसार है आत्मकथाओं का

बेहद रोचक संसार है आत्मकथाओं का

लैटिन भाषा में लिखी गई उनकी आत्मकथा कन्फेशंस (अपराध स्वीकृति) में लेखक ने अपने जीवन की गलतियों का खुलासा करने के साथ ईश्वर की दया और उसकी महानता के बारे में बताया है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

सिद्धायनी जैन

•

Updated: 29 Nov 2026, 5:52 PM IST

autobiography

autobiography

इन दिनों सोनिया गांधी की आत्मकथा के बहुत चर्चे हैं। अंग्रेजी में लिखी इस आत्मकथा ‘बिलोंगिंग- ए जर्नी ऑफ लव’ की लाखों प्रतियां देखते ही देखते ही बिक गई हैं। इस बिक्री के अलग अलग कारण बताये जा रहे हैं, लेकिन इसके कारण एआई के दौर में किताबें एक बार फिर चर्चा के केन्द्र में आ गई हैं। सोनिया गांधी एक चर्चित व्यक्तित्व हैं और उनके समर्थकों तथा विरोधियों , दोनों में उनके जीवन के कई प्रसंगों के साथ उनके व्यक्तित्व के अनजाने पहलुओं को जानने की रूचि भी इस किताब की चर्चा का एक कारण हो सकता है।

आत्मकथा के माध्यम से व्यक्ति पाठकों के साथ अपने समय की महत्वपूर्ण घटनाओं और अपने संपर्क में आए अन्य लोगों के साथ उसके अनुभवों और विचारों को साझा करता है। साहित्य की दुनिया में आत्मकथाओं का इतिहास बहुत रोचक और पुराना है। आत्मकथाओं के इतिहास की शुरूआत सेंट ऑगस्टीन की रचना कन्फेशंस से मानी जाती है। उन्होंने इसे करीब 397 ईस्वी में लिखना शुरू किया था। सेंट ऑगस्टीन को सैंट पॉल के बाद ईसाई धर्म के सबसे महत्वपूर्ण धर्म प्रचारकों में गिना जाता है। लैटिन भाषा में लिखी गई उनकी आत्मकथा कन्फेशंस (अपराध स्वीकृति) में लेखक ने अपने जीवन की गलतियों का खुलासा करने के साथ ईश्वर की दया और उसकी महानता के बारे में बताया है। बहुत बाद में हिन्दी में बाबू गुलाब राय ने भी अपने जीवन की असफलताओं और अपने अनुभवों को आधार बनाकर हास्य-व्यंग्य भरे अंदाज में अपनी आत्मकथा ‘मेरी असफलताऐं’ लिखी थी।

यों हिन्दी में आत्मकथात्मक शैली में लिखी गई पहली रचना बनारसी दास जैन की किताब ‘अर्द्धकथानक’ को माना जाता है। सन् 1641 में यह पद्य याने कविता की शैली में में लिखी गई थी। जहाँ तक हिन्दी की पहली गद्यात्मक आत्महत्या का सवाल है, इसका श्रेय खड़ी बोली क ेजनक भारतेन्दु हरिश्चंद्र को दिया जाता है जिन्होंने सन् 1876 में ‘कुछ आप बीती, कुछ जग बीती’ नामक किताब लिखी। अंग्रेजी की पहली आत्मकथा मार्जरे कैम्पे की किताब -‘दि बुक ऑफ मार्जरे कैम्पे’ को माना जाता है। 15 वीं शताब्दी में लिखी इस किताब में लेखक ने बताया है कि कैसे कई बार उसे रोने के दौरे पड़ते थे।

सिद्धायनी जैन

एनी फ्रेंक की किताब -दि डायरी ऑफ ए यंग गर्ल द्वितीय विश्व युद्व के बाद के यातना शिविरों के बारे में बताती है। यह किताब लिखते समय एनी फ्रैंक की उम्र 13 वर्ष थी। एम्सटरडम में अपने पिता की कंपनी के एक सीलन भरे कमरे अपने परिवार के साथ बिताए हुए मुश्किल दिनों और सिस्टम की ज्यादतियों का एनी ने बहुत ही संवेदनशील वर्णन किया है। इस किताब का एक बड़ा पक्ष यह है कि पीड़ा और यातना भरे दिनों को जीते हुए भी लेखिका ने इंसान के अच्छेपन के प्रति अपने विश्वास को बनाए रखा है। इस किताब को दुनिया में सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली किताबों में एक माना जाता है। एनी फ्रेंक की तरह ही पाकिस्तान की महिला शिक्षा कार्यकर्ता मलाला युसुफजई ने पढ़ाई को लेकर अपने पर हुए जानलेवा हमले और उसके बाद के संघर्ष की कहानी अपनी आत्मकथा ‘आई एम मलाला’ (मैं मलाला हूँ) में लिखी है। मलाला ने यह किताब ब्रिटिश पत्रकार क्रिस्टिना लैम्ब के साथ मिलकर लिखी। तानाशाह के रूप में याद किये जाने वाले जर्मनी के एडोल्फ हिटतर की आत्मकथा ‘मीन कैम्फ’ को उसकी कसी हुई भाषा के लिये याद किया जाता है। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद कई देशों में उसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। नैल्सन मंडेला की आत्मकथा ‘लांग वॉक टू फ्रीडम’, मिशेल ओबामा की ‘बिकमिंग’, एपीजे अब्दुल कलाम की ‘विंग्स ऑफ फायर’ अपने सकारात्मक संदेश के कारण न केवल जब तब उद्धृत की जाती हैं बल्कि नई पीढ़ी में बहुत लोकप्रिय हैं।

भारतीय भाषाओं में लिखी गई सबसे ज्यादा चर्चित आत्मकथा महात्मा गांधी की ‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ है जिसे उन्होंने मूल रूप से गुजराती भाषा में लिखा था। हरिवंश राय बच्चन ने अपनी आत्मकथा चार भागों में लिखी। सरस भाषा प्रवाह के कारण इन्हें भारतीय आत्मकथा साहित्य का एक महतवपूर्ण हिस्सा माना जाता है। राहुल सांकृत्यायन की आत्मकथा ‘मेरी जीवन यात्रा’ पांच भागों में है। खिलाड़ियों और नेताओं में भी अब आत्मकथा लिखने का प्रचलन बढ़ गया है। लोग प्रसिद्ध व्यक्तियों के बारे में जानना चाहते हैं और इस उम्मीद में वो अपने प्रिय नायक की आत्मकथा पढ़ते हैं।

आत्मकथाओं ने बहुत से विवादों को भी जन्म दिया है। यदि हिटलर की आत्मकथा यूरोप के अनेक देशों में उसकी तानाशाह छवि के कारण प्रतिबंधित हुई तो दुनिया में सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली आत्मकथात्मक पुस्तकों में एक एनी फ्रैंक की ‘डॉयरी ऑफ ए यंग गर्ल’ को लेबनान में यह मानकर प्रतिबंध लगाया गया था कि यह यहूदियों और इस्राइल के प्रति सहानुभूति जगाती है। अमरीका के कुछ स्कूलों में भी इसके कुछ अंशों पर प्रतिबंध लगा है। मलाला युसुफजई को पाकिस्तान के ही कुछ निजी स्कूलों ने प्रतिबंधित किया। तसलीमा नसरीन की आत्मकथा ‘द्विखंडितो’ भी विवादों में रही। बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दिकी की आत्मकथा ‘एन ऑर्डिनरी लाइफ’ को उनके कुछ निजी रिश्तों के खुलासे के बाद हुए विवादों के कारण वापस लेना पड़ा तो करण जौहर की किताब ‘ए सूटेबल ब्वॉय’ और लेखिका कमला दास की आत्मकथा ‘ मेरी कहानी’ भी लंबे सामय तक व्यक्तिगत संबंधों के खुलासे और कामुकता के चित्रण के आरोप में लंबे समय तक विवादों में रही।जिस दौर में विवाद भी मार्केटिंग का एक बड़ा माध्यम हो गये हैं, कई लोग जानबूझकर इन्हें प्रसारित करते हैं। शायद यह बात आत्मकथा खुद अपनी किसी आत्मकथा में लिखे।