26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / अफगानिस्तान से वापसी के गलत तरीके पर अमरीका

अफगानिस्तान से वापसी के गलत तरीके पर अमरीका

अमरीकियों के काम आने वाले उनके अफगानी मित्र जब तालिबान के शिकार होंगे तो यह वास्तव में शर्मनाक होगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Vikas Gupta

•

Updated: 8 Jul 2021, 8:29 AM IST

अफगानिस्तान से वापसी के गलत तरीके पर अमरीका

अफगानिस्तान से वापसी के गलत तरीके पर अमरीका

डेविड वान ड्रेहल, (स्तम्भकार, द वॉशिंगटन पोस्ट)

अमरीकी सैन्यबलों ने 2 जुलाई की रात अफगान अधिकारियों को बताए बिना चुपचाप काबुल के निकट स्थित बगराम सैन्य एयरबेस को खाली कर दिया। उन्होंने अपने सैन्य उपकरणों को भी वहीं छोड़ दिया और चले गए। लगभग बीस वर्षों के बाद, अमरीका का सबसे लम्बे समय तक चला यह युद्ध अब खत्म होने की ओर है। अमरीकी सेनाओं की वापसी जारी है। यह वही एयरबेस हैं जहां वे कभी अनगिनत उत्साहजनक वादों के साथ पहुंचे थे और लौटते समय वे निराशाजनक संदेहों के साथ हताश हैं।

जैसा कि अनुमान था, तालिबान ने अंतराल के बाद अपनी वापसी कर ली है। अभी यह अस्पष्ट है कि उन्हें कितने प्रतिरोध का सामना करना पड़ेगा। लगता है कि प्रांतों में तालिबान का वजूद बढ़ेगा। दूसरे ही दिन, एक हजार अफगान सैनिक, जिन्हें अमरीकी सैन्यबल नकद लाभ, हथियार और प्रशिक्षण दे रहे थे, लडऩे के बजाय पड़ोसी देश ताजिकिस्तान भाग गए। लेकिन काबुल में, जहां आर्थिक आजादी और मानवाधिकार ने वास्तविक पैठ बना ली है, अफगानी नागरिक तालिबान के अंधेरे युग को दब्बूपन से स्वीकार करने के बजाय आधुनिकता के लिए उठ खड़े हो सकते हैं। जाहिर है, कुछ रिपब्लिकन्स इस अपमानजनक वापसी के कमजोर लेखक के रूप में राष्ट्रपति बाइडन को चित्रित करने का अवसर मान रहे हैं।

निष्पक्षता से देखा जाए तो बाइडन, पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा तय समयरेखा के करीब ही हैं और ट्रंप ने भी पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की अफगानिस्तान में नाकामयाबी से बचने की इच्छा को ही साझा किया था। बाइडन जिस सैन्यबल को हटा रहे हैं, उसकी संख्या में पहले ही 2,500 की कमी कर दी गई थी। यदि सैन्यबल रुके भी रहते तो उनकी संख्या तालिबान को रोकने में समर्थ नहीं होती। यूएस के स्पेशल ऑपरेटर्स दुनिया में बेहतरीन लड़ाकू सैनिक हैं। फिर भी वे भ्रष्ट और लापरवाह अफगान सरकार के खिलाफ चरमपंथियों को रोकने में समर्थ नहीं हैं। जो लोग डॉनल्ड ट्रंप की समयरेखा का पालन करने के लिए बाइडन की आलोचना करते हैं, उन्हें चाहिए कि वे कोई विकल्प सुझाएं। अफगानिस्तान में रुके रहने का मतलब होता अमरीकियों की जिंदगियों को ऐसे शत्रुओं के खिलाफ खूनी संघर्ष के लिए दांव पर लगा देना, जिन्हें पराजित करना अमरीका बहुत पहले छोड़ चुका है। अब अलग परिणाम की उम्मीद में वही असफल काम करना, पागलपन है। एक तथ्य यह भी है कि रूस को भी अफगानिस्तान छोडऩा पड़ा था। मास्को खुश होगा कि यूएस भी उसी राह पर है। उधर, चीन की कोशिश महत्त्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआइ) को अफगानिस्तान तक बढ़ाने की है।

यदि बाइडन को इस असफल युद्ध को खत्म करने का श्रेय दिया जाता है तो भी यह अफगानिस्तान छोडऩे का गलत तरीका है। वाशिंगटन पोस्ट की वरिष्ठ युद्ध संवाददाता पामेला कॉन्स्टेबल और रिपोर्टर एजातुल्ला मेहरदाद कहते हैं कि ऐसे अनगिनत अफगानियों, जिन्होंने दुभाषिये के रूप में या अन्य कई तरह से अमरीकी सैन्यबलों की मदद की है, की तालिबान से सुरक्षा के लिए कोई योजना नहीं है। अमरीकी अधिकारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। पिछली बार तालिबान के शासन में काबुल के फुटबॉल स्टेडियम में बड़ी संख्या में फांसी दी गई थी।

युद्धभूमि में अमरीकियों के काम आने वाले उनके अफगानी मित्र ऐसे दृश्यों की पुनरावृत्ति में जब तालिबान के शिकार होंगे तो यह वास्तव में शर्मनाक होगा और बाइडन प्रशासन को वह शर्मिंदगी उठानी होगी। साइगॉन 1975 (वियतनाम युद्ध का अंत) को याद रखने वालों को उससे भी बुरे की आशंका हो रही है। तब भी और अब भी सबक यही है कि जीत की स्पष्ट परिभाषा, योजना और लक्ष्य को हासिल करने के उपायों के बिना कभी भी युद्ध शुरू न करें।