scriptखेलों के लिए कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्रः असल मुद्दों से दूर, सिर्फ वोट बटोरने पर जोर | Congress releases election manifesto for sports | Patrika News

खेलों के लिए कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्रः असल मुद्दों से दूर, सिर्फ वोट बटोरने पर जोर

locationनई दिल्लीPublished: Apr 02, 2019 02:29:51 pm

Submitted by:

Manoj Sharma Sports

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र।
घोषणा पत्र में खेलों के लिए कोई गेम चेंजर योजना नहीं।
पुरानी घोषणाओं में ही हल्का बदलाव कर जारी किया नया घोषणा पत्र।

Rahul Gandhi

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली में स्थित पार्टी के मुख्य कार्यालय में घोषणा पत्र जारी किया।

इस घोषणा पत्र में कांग्रेस ने घोषणाओं के जरिए खेल जगत को लुभाने का प्रयास तो किया, लेकिन धरातल पर देखा जाए तो यह घोषणाएं सिर्फ ऊपरी दिखावा भर दिखाई दे रही हैं। कांग्रेस ने खेल और खिलाड़ियों के लिए सीधा फायदा पहुंचाने की योजना नहीं बताई है।

उदाहरण के लिए आज भी देश के कई राज्यों में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर जो राशि राज्य सरकारों द्वारा मिलनी चाहिए वह नहीं मिलती। धन के अभाव में खिलाड़ियों को अन्य कामों पर निर्भर होना पड़ता है और इससे उनका ध्यान खेल पर से हटता है। इसके अलावा खिलाड़ियों को डीए-टीए के लिए भी महिनों खेल परिषदों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

तो आइए! जानते हैं कांग्रेस के घोषणा पत्र में क्या है।

पहली घोषणा-

कांग्रेस ने पहली घोषणा की है कि वह भारतीय ओलंपिक संघ सहित सभी खेलों की सर्वोच्च संस्थाओं की स्वायत्तता का सम्मान करेगी। इसके अलावा सरकार खेलों से संबंधित प्रत्येक संस्था के साथ मिलकर संबंधित खेल के विकास के लिए काम करेगी।

दूसरी घोषणा-
दूसरी घोषणा के तहत कांग्रेस ने कहा है कि वह अगर सत्ता में आती है तो यह सुनिश्चित करने के लिये हर संभव कदम उठायेगी कि प्रत्येक खेल संस्था का संविधान कुछ सिद्धांतों और मानदंडों पर आधारित हो। उसमें समयानुसार चुनाव होते रहें, सभी वर्तमान और पूर्व खिलाड़ियों के साथ-साथ विशेषतौर पर महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

तीसरी घोषणा-
कांग्रेस घोषणा पत्र के अनुसार तीसरी घोषणा यह है कि शारीरिक शिक्षा और खेलों को स्कूली पाठ्यक्रम का आवश्यक हिस्सा बनाया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों में भी खेलों को महत्त्वपूर्ण स्थान दिलवाने के प्रयास किए जाएंगे।

चौथी घोषणा-
चौथी घोषणा के मुताबिक कांग्रेस देश के विभिन्न हिस्सों में बहुखेल मैदान (मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम) एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल मैदान, एस्ट्रोटर्फ, टेनिस, बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबाल कोर्ट, व्यायामशाला, स्विमिंग पूल, वेलोड्रम जैसे बुनियादी ढांचे को आधुनिकतम बनाने के लिए पर्याप्त धन मुहैया करवाएगी। कांग्रेस ने यह भी कहा है कि वह इन खेल सुविधाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित खेल की सर्वोच्च संस्था को देंगे।

पांचवीं घोषणा-

कांग्रेस ने पांचवें चुनावी वादे के रूप में कहा है कि वह कांग्रेस प्रत्येक खेल के लिए नए प्रशिक्षक और तकनीकी सहायकों की भर्ती करने और प्रशिक्षित करने के लिए पर्याप्त धन का आवंटन
करेगी।

छठवीं घोषणा-
चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार छठीं घोषणा यह की गई है कि कांग्रेस देश के विभिन्न हिस्सों में सर्वोच्च खेल केन्द्र (स्पोर्टिंग एक्सीलेंस) स्थापित करेगी। इसके पीछे कांग्रेस का तर्क है कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल सके।

सातवीं घोषणा-
कांग्रेस घोषणा पत्र के मुताबिक सातवीं घोषणा यह है कि प्रत्येक ब्लॉक तथा नगर निगम के कस्बों में कम से कम एक सामुदायिक खेल केन्द्र खोला जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक जिला मुख्यालय में एक बहु खेल कोचिंग केन्द्र भी खोला जाएगा।

आठवीं घोषणा-
घोषणा पत्र के अनुसार आठवीं घोषणा यह है कि प्रत्येक जिले में कम से कम एक खेल परामर्श केन्द्र हो, जो विभिन्न खेलों के बारे में युवाओं और छात्रों को प्रोत्साहित करे। खिलाड़ियों को खेलों के बारे में जागरुक करे एवं जरुरी परामर्श भी प्रदान करे।

नौवीं घोषणा-
कांग्रेस घोषणा पत्र के अनुसार लड़कियों और महिलाओं, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जातियों, जनजातियों तथा अन्य वंचित समूहों के बीच खेल को प्रोत्साहन देने के लिए पर्याप्त धन आवंटित किया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो