
अंकुश यादव ने भी अपना मेडल सुनिश्चित कर लिया है। (photo - IANS)
Ankush Yadav, Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को भारत ने बॉक्सिंग इवेंट में चार मेडल पक्के कर लिए हैं। साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और सचिन सिवाच के बाद अब अंकुश यादव ने भी अपना मेडल सुनिश्चित कर लिया है। अंकुश ने पुरुष 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सेशेल्स के जैड मिकॉक को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया है।
भारतीय बॉक्सर ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और तीनों राउंड आसानी से जीतकर जजों से 5-0 का सर्वसम्मत फैसला अपने पक्ष में कराया। अंकुश ने पूरे मुकाबले के दौरान रिंग पर बेहतरीन कंट्रोल, तेज कॉम्बिनेशन और असरदार काउंटर-अटैक का प्रदर्शन किया, जिससे माइकोक को कोई खास प्रभाव छोड़ने का मौका नहीं मिला। जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में 30-26, 30-27, 30-27, 30-27 और 30-27 का स्कोर दिया।
इस जीत के साथ अंकुश सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है, क्योंकि सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है। अब भारतीय बॉक्सर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाने और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।
ग्लासगो में भारत की बॉक्सिंग टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है, जिसमें कई बॉक्सर प्रतियोगिता में आगे बढ़े हैं और देश के लिए मेडल जीतने की उम्मीदों को मजबूत किया है। अंकुश कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाले सातवें भारतीय मुक्केबाज बने गए हैं। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह, साक्षी, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच ने भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी के अंतिम चार में जगह बना ली है।
मंगलवार को प्रिया ने (60 किग्रा वर्ग) क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी, जिसके बाद प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के मुकाबले में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। पुरुषों के 55 किग्रा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में म्वाले म्वेंगो को 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद, बुधवार को सचिन से पहले साक्षी और अरुंधति ने अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में भारत के लिए मेडल सुनिश्चित किए। महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में साक्षी ने नॉर्दन आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 से हराया, जबकि अरुंधति चौधरी ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 से मात दी।
Updated on:
29 Jul 2026 07:41 pm
Published on:
29 Jul 2026 07:25 pm
