
यो-यो टेस्ट: कोहली-मनीष-मयंक समेत सभी क्रिकेटरों को पीछे छोड़ते हुए सरदार सिंह ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। यो-यो टेस्ट- जिसे पास करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में क्रिकेटरों की इंट्री मिलती है, जिसे पास करने के लिए सभी क्रिकेटर दिन-रात मेहनत करते रहते है, जिसे पास न करने के चलते युवराज सिंह, सुरेश रैना जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ अंबाती रायडू, संजू सैमसन जैसे युवा क्रिकेटरों चयन के बाद भी भारतीय टीम में नहीं खेल सके, उसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह ने वो कर दिखाया है, जो आज तक कोई भी भारतीय क्रिकेटर नहीं कर सका था।
क्या किया सरदार सिंह ने-
यो-यो टेस्ट में सरदार सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ अंक हासिल किया। बताते चले कि इस टेस्ट में अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड भारतीय युवा बल्लेबाज मयंक डागर का था। मयंक ने 19.3 का स्कोर करते हुए मनीष पांडे का रिकॉर्ड तोड़ा था। बताते चले मनीष पांडे ने 19.2 का स्कोर बनाया था। खुद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली यो-यो टेस्ट में 19 का स्कोर करते आए है। लेकिन सरदार सिंह ने इन सब को पीछे छोड़ दिया है।
सरदार ने किया 21.4 का किया स्कोर-
सरदार सिंह ने यो-यो टेस्ट में 21.4 का स्कोर किया। इस समय यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। बताते चले कि भारतीय क्रिकेट टीम में इंट्री के लिए यो-यो टेस्ट में न्यूनतम 16 का स्कोर करना होता है। सरदार सिंह भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों में सबसे फिट माने जाते है। सरदार अपने इंस्टाग्राम अकांउट पर बराबर अपनी फिटनेस की तस्वीरें शेयर करते रहते है।
क्रिकेटरों से ज्यादा फिट होते है हॉकी प्लेयर-
यदि आप क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी को भी देखते होंगे, तो आप सहज ही अंदाजा लगा सकते है कि क्रिकेट से कहीं ज्यादा फुर्ती हॉकी के मैदान में खिलाड़ियों को दिखानी होती है। हॉकी और फुटबॉल में खिलाड़ी लगभग पूरे 90 मिनट तक दौड़ते ही रहते है। जबकि क्रिकेट में ऐसा नहीं होता है।
Published on:
16 Aug 2018 04:40 pm
