
नई दिल्ली। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के तीसरे दिन शुक्रवार की स्पर्धाएं समाप्त होने के बाद महाराष्ट्र ने सबसे अधिक 25 पदक लेकर पहला स्थान बरकरार रखा है। हरियाणा 23 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र ने 9 स्वर्ण, सात रजत और नौ कांस्य जीते हैं। हरियाणा और कर्नाटक ने भी नौ-नौ स्वर्ण जीते हैं लेकिन हरियाणा के नाम अधिक रजत हैं, इसलिए वह दूसरे स्थान पर है। हरियाणा ने नौ स्वर्ण के अलावा छह रजत और आठ कांस्य जीते हैं।
कर्नाटक के नाम पर 20 पदक
कर्नाटक अब तक कुल 20 पदक अपनी झोली में डाल चुका हैं। इनमें नौ स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य हैं। दिल्ली ने 23 पदक जीते हैं लेकिन उसके नाम सात स्वर्ण हैं। वह तालिका में चौथे स्थान पर है।
तमिलनाडु पांचवे स्थान पर
पांचवें स्थान पर तमिलनाडु है, जिसके नाम चार स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य हैं। केरल ने तीन स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य जीते हैं। पदकों के मामले में उत्तर प्रदेश भी दहाई तक पहुंचा है लेकिन उसके पास सिर्फ एक स्वर्ण है। यूपी ने सात रजत और आठ कांस्य भी जीते हैं और वह तालिका में 10वें स्थान पर है।
19 राज्य हासिल कर चुके है पदक
अब तक कुल 19 राज्यों ने पदक जीते हैं। इनमें से 17 ने एक या उससे अधिक स्वर्ण जीते हैं। मध्य प्रदेश , उत्तराखंड और मणिपुर के नाम दो-दो स्वर्ण हैं। बता दें कि खेलो इंडिया स्कूल गेम्स का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस कार्यक्रम से चयनित एथलीटों को 8 साल तक प्रत्येक साल 5 लाख रुपये की मदद की जाएगी।
पंजाब और हरियाणा की जीत
शुक्रवार को खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के तहत आयोजित बालिका हॉकी प्रतियोगिता में पंजाब एवं हरियाणा ने अपने प्रतिद्वंदी को परास्त करके लगातार दूसरी विजय दर्ज की। पूल-बी में पंजाब ने ओडिशा को 7-2 से हराया जबकि पूल-ए में हरियाणा ने यूपी को 3-0 से परास्त किया। दिन में खेले गए दूसरे मैच में झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 12-0 से और चंडीगढ़ ने दिल्ली को 4-1 से हराया।
Published on:
03 Feb 2018 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
