
Paris Olympics 2024: आईओए ने पेरिस ओलंपिक में चुनौती पेश करने वाले एथलीटों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी है। ओलंपिक खेलों में प्रतिनिधित्व करना आसान नहीं होता। यही वजह है कि चार खेलों में भारत का सिर्फ एक-एक एथलीट चुनौती पेश करने के लिए उतरेगा। ये खेल घुड़सवारी, वेटलिफ्टिंग, जूडो और रोइंग हैं। इन अकेले दावेदारों पर भारत के करोड़ों खेलप्रेमियों की उम्मीदों का भार होगा।
कोलकाता के अनुश पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय घुड़सवार हैं। यह पहली बार है जब भारत का कोई घुड़सवार ओलंपिक की ड्रेसेग स्पर्धा में शिरकत करेगा। अनुश 2022 एशियन गेम्स में टीम स्पर्धा का गोल्ड जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने जर्मनी में लंबे समय तक अभ्यास किया है। बता दें कि 1900 में आयोजित पेरिस ओलंपिक खेलों में पहली बार घुड़सवारी को शामिल किया गया था।
दिल्ली की रहने वाली तुलिका पहली बार ओलंपिक में भाग लेंगी और 78 किग्रा भारवर्ग में चुनौती पेश करेंगी। यह लगातार दूसरा ओलंपिक हैं, जिसमें भारत की ओर से महिला जूडोका भाग लेंगी। तुलिका ने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीता था। उन्होंने स्पेन में अभ्यास किया है। बता दें कि 1964 टोक्यो ओलंपिक खेलों में जूडो को पहली बार शामिल किया गया था।
हरियाणा के रहने वाले बलराज भारतीय आर्मी में कार्यरत हैं। उन्होंने 21 अप्रेल 2024 को दक्षिण कोरिया में एशिया-ओसियान ओलंपिक क्वालीफिकेशन में कोटा हासिल किया था। टोक्यो 2020 ओलंपिक में दो एथलीटों ने कोटा हासिल किया था। उन्होंने 2024 एशिया-ओसियान ओलंपिक क्वालीफिकेशन में कांस्य जीता है और उन्होंने फ्रांस के एक क्लब के साथ ट्रेनिंग की है। बता दें कि 1900 पेरिस ओलंपिक से रोइंग लगातार इन खेलों का हिस्सा रहा है।
मणिपुर की महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू लगातार दूसरे साल ओलंपिक खेलों में शिरकत करने के लिए उतरेंगी। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली मीराबाई से इस बार देश को स्वर्ण पदक की उम्मीद है। उन्होंने 2022 टोक्यो ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीता था और कोच विजय कुमार के साथ पेरिस में ट्रेनिंग की है। बता दें कि 1896 में आयोजित पहले एथेंस ओलंपिक गेम्स से वेटलिफ्टिंग इन खेलों का हिस्सा है।
Updated on:
18 Jul 2024 12:44 pm
Published on:
18 Jul 2024 08:39 am
