
कुआलालम्पुर। पिछले दो मैचों से चले आ रहे भारतीय महिला हॉकी टीम के विजय रथ पर मलेशिया हॉकी टीम ने ब्रेक लगा दिया। मलेशिया के खिलाफ तीसरे हॉकी मुकाबले में भारतीय टीम को ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा।
इससे पूर्व खेले गए दोनों शुरुआती मुकाबलों में भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। पहले मैच में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी तो वहीं दूसरे मैच में भारत ने मेजबान टीम को 5-0 हराया था। इस मैच के बाद पांच मैचों की सीरीज़ का स्कोर 2-1 हो गया है।
टीम के लिए तीसरे मैच में नवनीत कौर ने दो और नवजोत कौर तथा लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया।
पहले क्वार्टर में नवजोत कौर ने मैच के 13वें मिनट और नवनीत कौर ने मैच के 22वें मिनट में गोल कर भारत को अच्छी शुरुआत दी। लेकिन मलेशिया की गुरदीप किरणदीप ने 26वें मिनट में गोल कर मलेशिया को मुकाबले में 1-2 पर ला दिया।
इसके बाद नुरैनी राशिद ने मैच के 27वें और 38वें मिनट में गोल किए। इसके बाद नुरामिरा जुल्किफ्ली ने 35वें मिनट में गोल कर मलेशिया को 4-2 से आगे कर दिया।
वहीं इस मुकाबले में 2-4 से पिछड़ने के बाद भारत ने चौथे और अंतिम क्वार्टर में शानदार वापसी की। भारतीय टीम ने मैच के 45वें मिनट में नवनीत कौर और 54वें मिनट में लालरेमसियामी के गोल की मदद से मुकाबला 4-4 से ड्रॉ करा लिया।
साल 2019 में भारतीय महिला हॉकी टीम का यह पहला विदेशी दौरा है। इस दौरे को टीम की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अागामी दिनों में टीम को कई बड़े टूर्नामेंट्स में भाग लेना है ऐसे यहां किया गया टीम का प्रदर्शन आगे भी उसके काम आएगा और मनोबल भी बढ़ाएगा।
खेल समाचार (Sports News)से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस के हर अपडेट. IPL 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE IPL 2019 Match Score अपडेट तथा IPL Match Schedule के लिए Download करें patrika Hindi News App.
Published on:
09 Apr 2019 12:20 pm
