
'Duet' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज (सोर्स: सिद्धांत गुप्ता इंस्टाग्राम)
Duet Trailer Out: अभिनेता सिद्धांत गुप्ता की आगामी शॉर्ट फिल्म 'Duet' का धमाकेदार ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। निर्देशक शीटल मेनन की इस फिल्म में दुख, प्रेम, संगीत और रिश्तों की इमोशनल जर्नी को दिखाया गया है। करीब दो मिनट के ट्रेलर में शानदार विजुअल्स और पियानो-वाईलिन की मधुर धुनों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है। सबसे कठिन परिस्थितियों में भी इंसानी रिश्ते उम्मीद की नई किरण बन सकते हैं।
निर्माता बेजॉय नांबियार के बैनर Getaway Pictures के तहत बनी यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज होगी। खास बात यह है कि Spotify पहली बार किसी शॉर्ट फिल्म को अपने प्लेटफॉर्म पर प्रीमियर करेगा। इसके साथ ही फिल्म Getaway Pictures के आधिकारिक YouTube चैनल पर भी एक साथ स्ट्रीम की जाएगी।
बता दें 'Duet' की कहानी एक ऐसे पियानो वादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो महामारी के दौरान अपने अलग रह रहे भाई की अचानक मौत के बाद गहरे मानसिक तनाव और संघर्ष से गुजरता है। फिल्म इस बात को दर्शाती है कि अकेलेपन, दुःख के बीच भी इंसान एक-दूसरे से जुड़ने का रास्ता खोज सकता है। फिल्म की पटकथा शीटल मेनन और अर्पिता चटर्जी ने मिलकर लिखी है।
शीटल मेनन ने ट्रेलर साझा करते हुए कहा कि यह फिल्म खोने, खामोशी, अजनबी रिश्तों की कहानी है, जो मुश्किल समय में जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाना खुशी की बात है। यह पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
वहीं, सिद्धांत गुप्ता ने कहा कि फिल्म उन लोगों की कहानी है, जो खुद को हर उम्मीद से परे फंसा हुआ महसूस करते हैं। उनके मुताबिक, 'Duet' अंधेरे से रोशनी तक पहुंचने की एक यात्रा है।
फिल्म में सिद्धांत गुप्ता के अलावा सायानी गुप्ता और पूजा सरूप भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म का संगीत ऑस्ट्रेलिया के संगीतकार सिड आचार्य ने तैयार किया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पियानोवादक एरिक क्रिश्चियन और बेन क्रॉसलैंड के मूल संगीत के साथ लंदन की वायलिन वादक टिनेके डी जोंग का योगदान भी फिल्म को खास बनाता है।
Updated on:
27 Jul 2026 09:10 pm
Published on:
27 Jul 2026 09:05 pm
बड़ी खबरें
View AllOTT
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
