
नेटफ्लिक्स में साइन-इन पर आया बड़ा अपडेट
What is Netflix new sign-in rules: अगर आप भी नेटफ्लिक्स (Netflix) पर फिल्में और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं, और अपने दोस्तों या परिवार के साथ अकाउंट शेयर करते हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी परेशानी वाली खबर सामने आई है। स्ट्रीमिंग जायंट नेटफ्लिक्स ने अपने साइन-इन सिस्टम में एक ऐसा बड़ा बदलाव कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। 15 जून, 2026 से नेटफ्लिक्स ने एक नया नियम स्थायी रूप से लागू कर दिया है, जिसके तहत अब हर एक प्रोफाइल को एक अलग ईमेल एड्रेस से लिंक करना अनिवार्य हो गया है। यानी अब एक ही पासवर्ड से सबका काम नहीं चलने वाला, बल्कि हर प्रोफाइल यूजर का अपना अलग लॉगिन क्रेडेंशियल होगा।
जब से यह अपडेट आया है, कई यूजर्स को स्क्रीन पर एक पॉप-अप दिखाई दे रहा है, जिसमें लिखा है- "सेवा का उपयोग जारी रखने से पहले अपनी प्रोफाइल में एक ईमेल पता जोड़ें।" वहीं, 'आर्स टेक्नीका' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राहत की बात सिर्फ इतनी है कि यह नियम बच्चों (Kids) वाली प्रोफाइल पर लागू नहीं होता है।
नेटफ्लिक्स का कहना है कि यह नया अपडेट सुरक्षा (Security) और सुविधा को बढ़ाने के लिए लाया गया है। इस नए सिस्टम के आने के बाद, सेकेंडरी यूजर्स यानी जो लोग ऐड-ऑन मेंबर के तौर पर अकाउंट का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह प्राइमरी अकाउंट होल्डर पर निर्भर नहीं रहेंगे। वह खुद अपना पासवर्ड बदल सकेंगे, नए डिवाइस में आसानी से लॉगिन कर पाएंगे और साथ ही 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' (2FA) जैसी सुरक्षा का फायदा भी उठा सकेंगे।
भले ही नेटफ्लिक्स इसे सुविधा कहा जा रहा हो, लेकिन इंटरनेट पर जनता इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं है और इसकी जमकर आलोचना हो रही है। यूजर्स का कहना है कि यह नियम उन परिवारों के लिए सिरदर्द बन जाएगा जो लिविंग रूम के एक ही टीवी पर कई प्रोफाइल स्विच करके कंटेंट देखते हैं। बार-बार अलग ईमेल से लॉगिन करना बेहद असुविधाजनक होने वाला है।
इसके अलावा, सबसे बड़ा बवाल प्राइवेसी को लेकर खड़ा हो गया है। लोगों का सवाल है कि जब पैसे एक ही अकाउंट से कट रहे हैं, तो नेटफ्लिक्स को हर एक मेंबर का अलग ईमेल डेटा क्यों चाहिए? विवाद तब और बढ़ गया जब नेटफ्लिक्स की प्राइवेसी पॉलिसी में यह देखा गया कि कंपनी यूजर्स के ईमेल एड्रेस को अपने मार्केटिंग और विज्ञापन पार्टनर्स के साथ शेयर कर सकती है। इससे यूजर्स को डर है कि उनके डेटा का इस्तेमाल विज्ञापनों के लिए किया जाएगा। आलोचनाओं के बावजूद, कंपनी ने साफ कर दिया है कि यह बदलाव हमेशा के लिए लागू हो चुका है। एक कंटेंट क्रिएटर के तौर पर मुझे तो यह नेटफ्लिक्स का डेटा इकट्ठा करने का एक नया तरीका लग रहा है, आपका इस पर क्या सोचना है? मुझे कमेंट्स में जरूर बताएं!
Updated on:
29 Jun 2026 09:41 am
Published on:
29 Jun 2026 09:37 am
बड़ी खबरें
View AllOTT
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
