मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि रमेश कुमार के रूप में पहचाने जाने वाले डॉक्टर को हिरासत में ले लिया गया था। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने हिंदुओं के स्वामित्व वाली दुकानों में आग लगा दी। स्थानीय मस्जिद के प्रमुख मौलवी इशाक नोहरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि डॉक्टर ने एक पवित्र पुस्तक के पन्नों को फाड़कर उनमें दवाइयां लपेटी हैं। स्थानीय पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी जाहिद हुसैन लेघरी ने कहा कि डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लेघरी ने कहा कि मामले की उचित जांच की जाएगी ।उन्होंने बताया कि कस्बे में अशांति फैलने पर डॉक्टर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। आपको बता दें कि बड़ी संख्या में हिंदू सिंध प्रांत के आंतरिक इलाकों और कराची शहर में रहते हैं। उधर पाकिस्तान हिंदू परिषद ने अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों को व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण लोगों द्वारा ईशनिंदा कानून के तहत निशाना बनाए जाने की शिकायत की है। पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं। पाकिस्तान की अधिकांश हिंदू आबादी सिंध प्रांत में बसी हुई है जहां वे अपने मुस्लिम साथियों के साथ संस्कृति, परंपरा और भाषा के लंबी विरासत साझा करते हैं।