
मामला दर्ज करती पुलिस टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका
Youth Died In Road Accident: पाली में एक सड़क हादसे ने परिवार की शादी की खुशियों को अचानक मातम में बदल दिया। सोडावास निवासी 25 साल के चुन्नीलाल मेघवाल की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। हादसे के वक्त वह काम खत्म करके बाइक से अपने घर लौट रहा था। वहीं घर में बेटे की शादी को लेकर बातचीत चल रही थी लेकिन कुछ ही घंटों में घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई।
चुन्नीलाल मजदूरी करके परिवार में आर्थिक सहयोग करता था। दिनभर काम करने के बाद बाइक से खुदके घर सोडावास के लिए निकला था। तभी पाली-उदयपुर मेगा हाईवे पर गुड़ा नारकान गांव के नजदीक उसकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चुन्नीलाल बाइक से उछलकर सड़क से कुछ दूरी पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से खून बहने लगा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू करने से पहले जांच की लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। अज्ञात वाहन की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
पाली निवासी चुन्नीलाल की शादी की उम्र थी और घर में उनके रिश्ते को लेकर बातचीत चल रही थी। चुन्नीलाल चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। परिवार के लोग उनकी सगाई और शादी की तैयारियों के बारे में सोच रहे थे।किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल परिवार को इतनी दर्दनाक खबर सुननी पड़ेगी। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता भलाराम मेघवाल और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे का शव सामने आते ही पिता बेसुध हो गए। परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ समय पहले तक बेटे की शादी को लेकर बातचीत और तैयारियों का माहौल था वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।
Updated on:
20 Aug 2026 02:34 pm
Published on:
20 Aug 2026 02:31 pm
