
पाली में लगेगा शहीदों का शिलालेख तो कुशालपुरा में बनेगा अमर जवान सर्कल
पाली. शहीदों के सम्मान के लिए नगर परिषद के साथ ही रायपुर क्षेत्र के कुशालपुरा के युवाओं ने एक पहल की है। नगर परिषद जहां जिला मुख्यालय पर स्थित शहीद स्मारक पर पुलवामा शहीदों का शिलालेख लगाएगी। वहीं कुशालपुरा में युवा शहीदों के सम्मान में बस स्टैण्ड सर्कल पर अमर जवान ज्योति का स्टेच्यू बनवाएंगे। इसके लिए युवाओं ने राशि जुटाने के साथ ही कार्य भी शुरू करवा दिया है।
पाली नगर परिषद सभापति महेन्द्र बोहरा ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों की स्मृति में शहीद स्मारक पर उनके नाम का एक शिलालेख लगाने की घोषणा की है। उन्होंने शहीद भगतसिंह सामुदायिक भवन के पांचों कमरों का नामकरण भी शहीदों के नाम पर करने की घोषणा की। इसके साथ ही शहीद भगतसिंह सामुदायिक भवन के पांचों कमरों का नामकरण भी पुलवामा में शहीद हुए राजस्थान के जांबाजों के नाम पर किया जाएगा।
दिल्ली की तर्ज पर बनेगा अमर जवान ज्योति का स्टेच्यु
रायपुर मारवाड़. रायपुर उपखंड मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर कुशालपुरा गांव के युवाओं ने गांव के बस स्टैंड सर्कल पर अमर जवान ज्योति का स्टेच्यू बनवा इस सर्कल को अमर जवान सर्कल का नाम देने का निर्णय किया।
युवाओं ने अपने स्तर पर राशि जुटाई और सर्कल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। गांव में शुरू हुए इस कार्य को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े। हर किसी ने इस कार्य की सराहना की। आपको बताते चले कि अमर जवान सर्कल दिल्ली के राजपथ पर बना हुआ है। इसकी तर्ज पर कुशालपुरा में भी निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे ग्रामीण खुद को काफी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
युवाओं ने मन में ठानी और गांव में शुरू हो गया निर्माण
दरअसल, 15 फ रवरी को आतंकी हमले के विरोध में कुशालपुरा गांव बन्द रहा था। शाम को ग्रामीणों ने बस स्टैंड पर नीम के पेड़ के नीचे कैंडल व दीपक जला शहीदों को नमन किया था। इसी दिन युवाओं ने शहीदों के सम्मान में कुछ अनूठा करने की ठान ली थी। इस निर्णय का राजू माली, मुकेश शर्मा, जयप्रकाश, सुरेश, सुनील, मोहन, रवि सहित अन्य युवाओं ने समर्थन किया। इसके बाद सरपंच प्रेम कंवर, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकृष्ण पालीवाल सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग किया। कुशालपुरा बस स्टैंड पर नीम के पेड़ के नीचे चबूतरी बना रखी थी। जहां गांव के बुजुर्ग बैठकर चर्चा किया करते थे। इस चबूतरी को तोड़ इसी जगह सर्कल का निर्माण शुरू किया गया है।
Published on:
19 Feb 2019 08:05 am
