
नवजीवन योजना के तहत बच्चों को स्कूलों में नहीं मिला प्रवेश
पाली। स्कूलों में नया सत्र शुरू हुए करीब तीन माह से अधिक हो गए है। इसके बावजूद नवजीवन योजना के तहत स्कूलों में सांसी व अन्य चयनित जातियों के बच्चों को प्रवेश नहीं मिल सका है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के के अधिकारी कार्रवाई करने का राग अलाप रहे हैं। इधर, प्रवेश नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर कई परिवारों ने बच्चों को स्कूल में प्रवेश भी अगले वर्ष दिलवाने का मानस बना लिया है।
कच्ची शराब बनाने के धंधे से जुड़े लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोडऩे तथा उनके बच्चों के जीवन में ज्ञान का उजियारा लाने के लिए नवजीवन योजना शुरू की गई थी। इसमें सांसी, कंजर, भाट, भाण्ड, नट, राणा, डोम आदि जातियों को शामिल किया गया। इसके तहत पाली की सांसी बस्ती में शराब बनाने के धंधे से जुड़े लोगों के बच्चों का निजी स्कूलों में प्रवेश करवाया जाता है। बच्चों की फीस से लेकर उनकी पोशाके, जूते, स्टेशनरी और आवागमन का खर्च भी सरकार निजी स्कूलों को देती है, इस बार अब तक बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जा सका है।
200 बच्चों को प्रवेश अटका
&नवजीवन योजना के तहत बच्चों को स्कूलों में अभी तक प्रवेश नहीं दिया गया है। करीब 200 बच्चे स्कूल जाने से वंचित है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक से चार-पांच बार बात की, उन्होंने हर बार जल्द प्रवेश दिलाने का आश्वासन ही दिया।
चीकूराम सांसी, सामाजिक कार्यकर्ता
अधिकारी से लेता हूं जानकारी
नवजीवन योजना के तहत बच्चों को अभी तक स्कूलों में प्रवेश क्यों नहीं दिया जा सका। इसको लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक से जानकारी लेकर कार्रवाई करवाता हूं।
सुधीर कुमार शर्मा, जिला कलक्टर
सुमेरपुर भाजपा का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन कल
पाली. भारतीय जनता पार्टी विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर के बूथ कार्यकर्ताओं का सम्मेलन शुक्रवार को खौड़ खेतलाजी मंदिर परिसर में होगा। राजस्थान गौरव यात्रा के सुमेरपुर प्रभारी सुभाष त्रिवेदी ने बताया कि सम्मेलन में सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में गुन्दोज, किरवा, ढोला एवं साण्डेराव में स्वागत सहित सुमेरपुर में आमसभा करवाने की तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जाएगा। यात्रा के स्वागत के लिए गुन्दोज में पाली प्रधान श्रवणकुमार बंजारा, किरवा में खौड़ मण्डल अध्यक्ष मुकेश सीरवी, ढोला में सुमेरपुर प्रधान राजेन्द्रसिंह कोलीवाड़ा सहित साण्डेराव में नगरपालिका अध्यक्ष जोराराम कुमावत को प्रभारी बनाया गया है।
Published on:
23 Aug 2018 11:36 am
