
बेरोजगारी का आलम कहे या फिर सरकारी नौकरी की चाह, यहां बीए, एमए पास भी लगे है सफाईकर्मी बनने की कतार में...
पाली. बेरोजगारी का आलम कह दीजिए या सरकारी नौकरी की चाह कि बीए और एमएम पास युवा भी सफाईकर्मी का काम करने के लिए लालायित है। पाली में सफाईकर्मी भर्ती में नगर परिषद मिले हजारों आवेदनों में उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं की तादाद भी काफी है।
राज्य के विभिन्न जिलों में नगर निकायों में सफाईकर्मियों के रिक्त 21136 पदों के लिए 15 मई 2018 तक आवेदन लिए गए। पाली नगर निकाय में सफाईकर्मियों के 161 पदों के लिए विभिन्न वर्गों के 2979 आवेदन मिले। इसमें एससी वर्ग के 2609, अनुसूचित जाति के वर्ग के 56, पिछड़ा वर्ग के 212 व सामान्य वर्ग के 102 आवेदन शामिल है।
सफाईकर्मियों की भर्ती जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा जिला मुख्यालय पर कम्प्यूटर के जरिए लॉटरी से की जाएगी। सबसे पहले अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदकों की लॉटरी निकाली जाएगी। उसके बाद अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग एवं अंत में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की लॉटरी निकाली जाएगी। नगर परिषद के कार्यालय सहायक मदनलाल तेजी ने बताया कि शुक्रवार को आवेदन के साथ वांछित दस्तावेज जमा करवाने की अंतिम तिथि थी।
भर्ती में यह रहेगी आरक्षण की स्थिति
अनुसूचित जाति वर्ग - 16 प्रतिशत
अनुसूचित जनजाति वर्ग - 12 प्रतिशत
अन्य पिछड़ा वर्ग - 21 प्रतिशत
अति पिछड़ा वर्ग - 01 प्रतिशत
सामान्य वर्ग - 50 प्रतिशत
विशेष योग्यजन - 03 प्रतिशत
उत्कृष्ट खिलाड़ी - 02 प्रतिशत
भूतपूर्व सैनिक - 12.5 प्रतिशत
बीए, एमए उत्तीर्ण अभ्यर्थी कतार में
बीए उत्तीर्ण रामलाल (बदला हुआ नाम) और एमए उत्तीर्ण श्यामलाल (बदला हुआ नाम) ने भी सरकारी नौकरी की चाह में सफाईभर्ती बनने के लिए आवेदन किया है। विधवा राधादेवी (बदला हुआ नाम) भी सफाईकर्मी बनने की कतार में है। इसके साथ ही सामान्य, ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के सैकड़ों आवेदकों ने सफाईकर्मी बनने के लिए आवेदन किया।
आज से आवेदनों की होगी जांच
जिला कलक्टर ने अपना प्रतिनिधि नियुक्त कर लिया है। सोमवार से आवेदनों की जांच कार्य शुरू होगा।
- इन्द्रसिंह, आयुक्त नगर परिषद, पाली
Published on:
09 Jun 2018 10:57 am
