
दृढ़ निश्चय से बदल दी विद्यालय की तस्वीर
रायपुर मारवाड़. मन चंगा तो कठौती में गंगा...। इसी सकारात्मक सोच को लेकर एक सरकारी स्कूल के संस्थाप्रधान ने स्कूल की बदहाली को दूर करने का लक्ष्य लेकर कदम बढ़ाया। स्टाफ के साथ गांव के लोगों का सहयोग मिला तो उन्हें लक्ष्य अर्जित करने में ज्यादा समय भी नहीं लगा। आज उनका स्कूल चर्चाओं में शामिल हो चुका है। हम बात कर रहे देवली कलां गांव से सटे रामसागर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की। आठ माह पहले इस स्कूल में कक्षा एक से आठ तक कुल नामांकन महज दस विद्यार्थियों का ही था। संस्थाप्रधान के साथ तीन शिक्षकों के पद रिक्त थे। यहां एक शिक्षक व एक शिक्षाकर्मी शिक्षिका ही स्कूल सम्भाल रहे थे। मई माह के अंत में जैतारण के सत्यनारायण गौड़ को इस स्कूल में संस्थाप्रधान लगाया गया।
पहले दिन ही कर लिया निर्णय
संस्थाप्रधान ने इस स्कूल पहुंच कार्यभार ग्रहण कर शिक्षक रवि दिवाकर से संस्थाप्रधान का चार्ज लिया। कम नामांकन, स्टाफ की कमी, पानी, सफ ाई सहित अन्य कमियों को देख गौड़ ने उसी दिन कुछ हटकर काम करने का निर्णय किया।
भूमि पुत्रों को बताया महत्व, तीन गुना नामांकन
ये स्कूल सिंगला रोड पर है। इस स्कूल में आस-पास के कुओं पर रहने वाले किसानों के बच्चे ही पढऩे आते हैं। संस्थाप्रधान व शिक्षक रवि निकल पड़े व किसानों से समझाइश की। महज एक माह की मेहनत में उन्होंने 25 बच्चों को स्कूल से जोड़ नामांकन 35 पहुंचा दिया। संस्थाप्रधान ने शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेज स्टाफ मांगा। तत्कालीन सरकार ने इस स्कूल में तीन टीचर और लगा दिए। अब संस्थाप्रधान सहित छह का स्टाफ है।
फि र दानदाताओं से लिया सहयोग
संस्थाप्रधान ने गांव के दानदाताओं से सहयोग लेकर स्कूल में सफ ाई कराई। पानी के गन्दे टांके की सफ ाई कराई। टूटे दरवाजे की मरम्मत कराई। टूटे झूले ठीक करवाए। बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त करवाया। शौचालयों की सफ ाई करवाई। रसोई घर की मरम्मत करवाई। अब भवन के रंग रोगन की तैयारी है।
मवेशी चरते थे, अब बच्चे खेलते हैं
स्कूल के ठीक सामने खेल मैदान है। देखरेख के अभाव में वह झाडिय़ों व घास फू स से अटा था। इससे वहां मवेशी चरते थे। संस्थाप्रधान ने बुलडोजर की मदद से सफ ाई करवा नए पौधे लगा मैदान का स्वरूप ही बदल दिया। अब बच्चे वहां खेलने का आनंद भी लेने लगे हैं।
स्कूल में भेंट किया माइक सिस्टम
संस्थाप्रधान द्वारा प्रेरित करने पर दानदाता पाबूराम मोटावत द्वारा स्कूल में माइक सिस्टम भेंट किया। जिससे अब बच्चों को गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस की तैयारी में सुविधा रहेगी। स्कूल स्टाफ ने दानदाता का स्वागत कर आभार जताया।
बच्चों के लिए कुछ करें तो सुकून मिलता है
जिस उम्मीद से मुझे इस स्कूल में लगाया गया मैंने उस पर खरा उतरने का प्रयास किया। स्टाफ व ग्रामीणों का सहयोग मिला तो मुझे कामयाबी भी मिली। बच्चों को सुविधा मुहैया कराने में बड़ा सुकून मिलता है।
सत्यनारायण गौड़, संस्थाप्रधान, राउप्रावि रामसागर, देवली कलां
Published on:
23 Jan 2019 07:05 am
