6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यहां लिया शराबबंदी का निर्णय, ग्रामीणों बोले : गांव में नहीं बेचने देंगे शराब

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Google source verification

पाली

image

Suresh Hemnani

Apr 04, 2019

Decision on prohibition in Chang village of Pali district

यहां लिया शराबबंदी का निर्णय, ग्रामीणों बोले : गांव में नहीं बेचने देंगे शराब

- सरपंच ने कलक्टर व एसपी को पत्र भेज मांगा सहयोग

रायपुर मारवाड़। पाली जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र के चांग गांव के लोगों ने गांव में शराबबंदी का निर्णय किया है। इसे लेकर सरपंच ने जिला कलक्टर व एसपी को पत्र भेज सहयोग मांगा है। पहाड़ी क्षेत्र के इस गांव में पहली बार ग्रामीणों ने एकराय होकर शराबबंदी का निर्णय किया है।

सरपंच गीता देवी काठात ने बताया कि इस गांव में अब तक आबकारी विभाग द्वारा शराब की अधिकृत दुकान आवंटित की जाती रही। पिछले साल ग्रामीणों ने शराब की दुकान का जमकर विरोध किया। इससे विभाग ने इस साल इस गांव से अधिकृत दुकान को ही निरस्त कर दिया। जिससे अब इस गांव में कोई अधिकृत दुकान नहीं है।

अवैध ब्रांच की सूचना पर भडक़े ग्रामीण
ग्रामीणों को सूचना मिली की पड़ोसी गांव के ठेकेदार द्वारा अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए चांग में अवैध ब्रांच खोलने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण भडक़ गए। ग्रामीणों ने शराबबंदी का निर्णय कर सरपंच के नेतृत्व में कलक्टर एसपी को पत्र भेजा गांव में शराब की अवैध बिक्री नहीं होने देने की मांग की है।

इसलिए किया निर्णय
चांग में अधिकांश व्यक्ति दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। गांव में शराब की बिक्री से वे दिन भर की कमाई शाम को शराब में उड़ा रहे थे। इससे श्रमिकों के परिजन आर्थिक संकट से घिर गए। इधर, शराबी गांव में हंगामा करते थे। जिससे आमजन परेशान था। इन हालातों से निपटने के लिए ग्रामीणों ने शराबबंदी का निर्णय किया।

नहीं बेचने देंगे शराब
हमारे गांव में किसी को शराब नहीं बेचने देंगे। मैंने ग्रामीणों के शराबबंदी के निर्णय का समर्थन करते हुए जिला कलक्टर-एसपी को पत्र भेज शराब बिक्री नहीं होने देने की मांग की है। इसके बावजूद किसी ने गांव में शराब बेची तो जाम प्रदर्शन कर विरोध करेंगे। -गीता देवी काठात, सरपंच, चांग

शराब की दुकान का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रायपुर मारवाड़। पाली जिले के कालब कलां के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव में शराब की अधिकृत दुकान को निरस्त करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने आबकारी आयुक्त को भी ज्ञापन भेज दुकान बंद कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय किया है। दोपहर में एसडीएम को ज्ञापन देने आए ग्रामीणों के साथ महिलाएं भी साथ मौजूद थीं। महिलाओं ने भी दुकान बंद कराने की मांग की। ज्ञात रहे कि कालब कलां में इसी साल आबकारी ने शराब की अधिकृत दुकान आवंटित की है। जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं।