
नए साल का सूरज उगते ही नेता बोले, 2019 में हम बदलेंगे जिले की तस्वीर
पाली। 2018 के विदा होने के साथ ही आज मारवाड़-गोडवाड़ की अरावली की वादियों से नए साल का सूरज उग चुका है। ये किरणें नए साल के स्वागत में गीत तो गुनगुना ही रही है, नई उम्मीदों के तराने भी सुना रही है। जिला मुख्यालय समेत सेंदड़ा से सुमेरपुर तथा रोहट से बाली के आदिवासी क्षेत्रों तक आबाद जनता इस बार नए साल में नई सरकार से कई उम्मीदें लगाए बैठी है। बीते साल 2018 में आमजन की विभिन्न समस्याओं के समाधान, विकास के वादे तो जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने खूब किए लेकिन महज आश्वासनों के घूंट ही मिले।
अब नए साल में जिलेवासियों को नई उम्मीद जगी है। कई मुद्दे ऐसे हैं, जो हल हो जाए तो जनता को काफी राहत मिल सकती है। जिला मुख्यालय पर स्थित प्रमुख प्रदूषण समस्या के समाधान के लिए जेडएलडी, बढ़ती जनता के कंठ को तर करने जवाई पुनर्भरण योजना, सोजत में ट्रोमा यूनिट, मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के गांवों को फ्लोराइड से मुक्ति दिलाने, रोहट में डीएमआइसी के प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने सरी भी कई उम्मीदें जनता नई सरकार से लगाए बैठी है। 2019 को लेकर पाली जिले के नेताओं किए विकास के दावे...
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत और सशक्त सरकार का पुन: निर्माण करना इस साल का सबसे बड़ा संकल्प है। इसमें पाली लोकसभा क्षेत्र के हर नागरिक की सहभागिता रहेगी कि वे देश हित में फिर मौका दें। -पी.पी. चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री
जिला परिषद से जुड़ी तमाम योजनाओं की समीक्षा करवाकर वंचित पात्र परिवारों को लाभ दिलाएंगे। किसानों को हर स्तर पर सुविधा मिले, उसके लिए कदम उठाएंगे। गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कराएंगे। -पेमाराम सीरवी, जिला प्रमुख, पाली
पाली की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण के समाधान का पूर्ण रूप से प्रयास करूंगा। ताकि, उद्योग भी विकसित हो सके और बांडी नदी भी प्रदूषित नहीं हो। इन्दिरा गांधी केनाल का पानी पाइप लाइन से लाने के प्रयास करेंगे। - ज्ञानचंद पारख विधायक पाली
जैतारण क्षेत्र में स्थित सीमेंट फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार, गांवों में जवाई बांध पाइप लाइन का पानी पहुंचाना, भ्रष्टाचार मुक्त जैतारण, सडक़, बिजली, चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर करवाएंगे। -अविनाश गहलोत, विधायक जैतारण
बाली क्षेत्र के वंचित गांवों में जवाई बांध का पानी पहुंचाना प्राथमिकता रहेगा। स्वीकृत सडक़ कार्यों को पूरा करना, सादड़ी में अंडर ग्राउण्ड बिजली लाइन, तीनों पालिका क्षेत्र में 4-4 उच्च जलाशयों का निर्माण करवाया जाएगा। -पुष्पेंद्रसिंह राणावत, विधायक बाली
राशन की दुकानों पर वितरण प्रणाली में सुधार कर राशन किट घर पर उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा। जवाई जल परियोजना से वंचित रहे गांवों को जोडऩे तथा क्षेत्र में सडक़ों की स्थिति सुधारने पर विशेष फोकस किया जाएगा। - खुशवीरसिंह, विधायक मारवाड़ जंक्शन
जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता रहेगी। मूलभूत सुविधाओं के साथ ही जवाई पुनर्भरण के लिए संघर्ष किया जाएगा। निर्माणाधीन कॉलेज भवन को शीघ्र ही तैयार करवाया जाएगा। -जोराराम कुमावत, विधायक, सुमेरपुर
सोजत अस्पताल में सीटी स्केन व ट्रोमा वार्ड चालू कराना प्राथमिकता में रहेगा। साथ ही मेहंदी पर पांच प्रतिशत टैक्स की छूट कराना, सोजत रोड व हरिपुर में ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करवाने का भी प्रयास किया जाएगा। -शोभा चौहान, विधायक, सोजत
Published on:
01 Jan 2019 01:56 pm
