
गुर्जर आंदोलन का असर जैतारण में भी
जैतारण। जैतारण-बांझाकुड़ी मार्ग स्थित गुर्जर समाज छात्रावास में शनिवार को विशेष पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष देवकरण गुर्जर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकारी की ढीली पैरवी के चलते उच्च न्यायालय में यह आरक्षण प्रावधान खारिज हुआ है। समाज के लोगों ने रोष प्रकट करते हुए आगामी रणनीति पर चर्चा की और जैतारण उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला फंूका। लोगों ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम जैतारण तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। राजस्थान आरक्षण संघर्ष समिति के सदस्य देवाराम कटारिया ने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिह बेंसला की अगुवाई में आरक्षण की मांग को लेकर चल रहे आरक्षण के आंदोलन की गुर्जर समाज के साथ देवासी, बंजारा, गाड़ोलिया लौहार भी शामिल है। गुर्जर समाज के नेता कृष्णसिंह गुर्जर ने बताया कि राज्य सरकार उनको विशेष पिछड़ा वर्ग में शामिल करते हुए ९वीं अनुसूची में जोडऩे की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर १२ फरवरी को झाला की चौकी पर राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी गई है। इन्टक नेता बुद्धाराम गुर्जर, गोपाल गुर्जर, पूर्व सरपंच दयालराम गुर्जर, मिश्रीलाल कोली, रतनलाल खटाना, भुण्डाराम गुर्जर रास, देवासी समाज के अध्यक्ष मुंशीराम देवासी, राणाराम बांझाकुड़ी सहित कई लोग उपस्थित थे।
Updated on:
10 Feb 2019 05:06 pm
Published on:
10 Feb 2019 05:06 pm
