
देर रात युवती से मिलने गए एक युवक की लाठियों आैर धारदार हथियार से हत्या
खिंवाड़ा (पाली)। रानी थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव में गुरुवार देर रात में युवती से मिलने गए एक युवक की लाठियों व धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस को भी संदेह है कि मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।
भनक लगने पर हमला
रानी थानाधिकारी दीप सिंह के अनुसार रानी कस्बे के शीतला चौक निवासी मानसिंह (25) राजपूत गुरुवार देर रात भगवानपुरा गांव में एक युवती से मिलने गया। भनक लगने पर युवती के परिजनों ने लाठियों व धारदार हथियार से मानसिंह पर हमला कर दिया। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल को अस्पताल लेकर आई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मामला दर्ज
इधर, जब मानसिंह देर रात तीन बजे तक घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उसे तलाशा। पता करने पर जानकारी मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। शुक्रवार को शव मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जांच के बाद शुक्रवार रात को पुलिस ने भगवानपुरा निवासी आरोपी रमेश पुत्र कलाराम मेघवाल, दीपक व जगदीश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक के भाई विरेंद्रसिह पुत्र इंद्रसिंह राजपूत की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Published on:
19 May 2018 09:21 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
